Rajasthan Panchayat Election Results: राजस्थान के जिला प्रमुख (Zila Pramukh) चुनावों ने प्रदेश की राजनीति (Politics) में एक ऐसा संदेश दिया है, जिसे बीजेपी (BJP) के लिए नजरअंदाज करना आसान नहीं है। सत्ता में होने के बावजूद 37 जिला परिषदों में से बीजेपी केवल 10 जिलों में ही जीत सकी। जबकि कांग्रेस (Congress) ने 24 जिला प्रमुख बनाकर अपना दबदबा कायमसत्ता को उसकी जगह दिखा दी। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को एक जिले में सफलता मिली। राजस्थान के पंचायती राज चुनाव के ये परिणाम (Rajasthan Panchayat Election Results) केवल जिला प्रमुखों के चुनाव की तस्वीर नहीं हैं, बल्कि राजस्थान (Rajasthan) की राजनीति में बदलते समीकरण, नेताओं की व्यक्तिगत पकड़ और दलों के दावों की वास्तविक परीक्षा का परिणाम भी हैं। इस चुनाव में चूरू ने बहुमत की कमजोरी दिखाई, ब्यावर ने एक वोट की कीमत समझाई, डीग ने क्रॉस वोटिंग का संकेत दिया और डूंगरपुर ने बराबरी के बाद लॉटरी की निर्णायक भूमिका सामने रखी। इन परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि पंचायत चुनावों में केवल राजनीतिक हवा नहीं, बल्कि स्थानीय रणनीति, व्यक्तिगत प्रभाव, संगठनात्मक अनुशासन और मतदान के दिन की सक्रियता जीत का असली आधार बनते हैं।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के लिए चेतावनी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ इस चुनाव में बेहद कमजोर साबित हुए हैं। इन्हीं दोनों के नेतृत्व में हुए इस चुनाव में बीजेपी को मिली करारी हार पर पार्टी में आत्ममंथन चल रहा है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि सत्ता में होने के बावजूद जिला प्रमुख चुनावों में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। खासकर भरतपुर और पाली में। परिहार कहते हैं कि भरतपुर मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है, और पाली प्रदेश अध्यक्ष का जिला, दोनों में बीजेपी की दुर्गति राजनीतिक रूप से अधिक महत्वपूर्ण है। परिहार का कहना है कि मुख्यमंत्री शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष राठोड़, दोनों के लिए ये परिणाम सरकार की ताकत और संगठन की कमजोर स्थिति का संकेत हैं और साथ ही प्रादेशिक नेतृत्व के कमजोर होने का प्रमाण भी। राजनीतिक समीक्षक लोकेंद्र सिंह किलाणौत कहते हैं कि भजनलाल शर्मा के पास यह चुनाव एक ऐसा अवसर था जब वे कुर्सी पर बैठकर यह साबित करते कि कार्यकर्ता किसी भी भूमिका में सबसे बेहतर होता है। किलाणौत कहते हैं कि कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बने भजनलाल शर्मा की तमाम विफलताएं भविष्य में कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले अवसरों के दरवाजे बंद कर रही हैं।
डीग, डीडवाना और डूंगरपुर में अप्रत्याशित
डीग में बीजेपी की रेणु सिंह ने 22 वोट प्राप्त कर कांग्रेस की मुबीना को पराजित किया। जबकि परिषद में बीजेपी के केवल 10 सदस्य थे। कांग्रेस के 14, निर्दलीय चार और बसपा का एक सदस्य होने के बावजूद बीजेपी की जीत का मतलब साफ है कि क्रॉस वोटिंग हुई। डूंगरपुर में बीजेपी और बीएपी के बीच मुकाबला 14-14 वोट पर बराबर रहा। अंततः लॉटरी के जरिए बीएपी के अनुतोष को जीत मिली। डीडवाना – कुचामन में भी बराबरी के बाद लॉटरी से बीजेपी के बुद्धाराम विजयी रहे। इन परिणामों ने दिखाया कि कुछ जिलों में चुनावी जीत संगठन की ताकत से अधिक भाग्य और अंतिम क्षणों के समीकरणों पर निर्भर रही।

चूरू में बहुमत कांग्रेस का, जिला प्रमुख बीजेपी का
चूरू और ब्यावर के नतीजे सबसे नाटकीय रहे। चूरू जिला परिषद में कांग्रेस के 21, बीजेपी के 17 और माकपा का एक सदस्य थे। कांग्रेस की जीत तय थी, लेकिन बीजेपी की कनिका सिंह राठौड़ 22 वोट लेकर जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं, जबकि कांग्रेस के 21 वोट होने के बावजूद उसकी उम्मीदवार प्रकाश देवी बुडानिया को केवल 17 वोट ही मिले। कनिका सिंह बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की बहू है। वरिष्ठ पत्रकार अरविंद चोटिया कहते हैं कि बाड़ेबंदी दोनों और ही मज़बूत की हुई थी। फिर भी कांग्रेस के खेमे में सेंध लगाकर राजेंद्र राठौड़ ने अपने राजनीतिक अनुभव को दिखा दिया है। इसी तरह ब्यावर में बीजेपी के 14 और कांग्रेस के 13 सदस्य थे। यहां बीजेपी की जीत स्पष्ट थी, लेकिन कांग्रेस की ममता गुर्जर ने 14 वोट हासिल करके बीजेपी उम्मीदवार निर्मला रावत को एक वोट से हरा दिया। ब्यावर का परिणाम बीजेपी के लिए केवल एक वोट से जिला प्रमुख की हार नहीं, बल्कि अपने सदस्यों को एकजुट रखने में विफलता का संदेश है। जब एक सदस्य के बहुमत वाला चुनाव हाथ से निकल जाए, तो प्रदेश नेतृत्व की कमजोर भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है। चूरू और ब्यावर ने साबित किया कि सदस्यों की संख्या जीत की गारंटी नहीं होती, राजनीतिक प्रबंधन भी समीकरण बदलते हैं।
कांग्रेस में भीतरघात, बीजेपी में भी बिखराव
जिला प्रमुख चुनावों में क्रॉस वोटिंग केवल बीजेपी तक सीमित नहीं रही। उदयपुर में बीजेपी को उसके घोषित सदस्य संख्या से अधिक वोट मिले, जबकि कांग्रेस के वोट जो थे उनमें भी कम रहे। अजमेर में बीजेपी प्रत्याशी को पार्टी के सदस्यों से अधिक वोट मिले। धौलपुर और सीकर जैसे जिलों में कांग्रेस उम्मीदवार अपनी पार्टी के जीते हुए सदस्यों के वोट भी हासिल नहीं कर पाए। जोधपुर में कांग्रेस की प्रमिला चौधरी को पार्टी के घोषित सदस्यों से अधिक वोट मिलना कांग्रेस के पक्ष में अतिरिक्त समर्थन का संकेत रहा। इन परिणामों से स्पष्ट है कि जिला प्रमुख चुनावों में पार्टी के आधिकारिक आंकड़ों से इतर स्थानीय नेताओं के संपर्क, व्यक्तिगत समीकरण और असंतुष्ट सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। हालांकि गुप्त मतदान में किस सदस्य ने किसे वोट दिया, इसकी पुष्टि आधिकारिक रूप से नहीं की जा सकती।

कांग्रेस की एकजुटता, बीजेपी की नेतृत्व परीक्षा
कांग्रेस के लिए 24 जिला प्रमुखों की जीत राजनीतिक राहत लेकर आई है। कांग्रेस में उत्साह है इस चुनाव में, कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट खेमे में एकजुटता दिखी। विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी के मुकाबले कमजोर मानी जा रही कांग्रेस ने पहले नगरपालिकाओं में और अब पंचायत स्तर पर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। इस एकजुटता से निकला संदेश आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को सक्रिय करने का अवसर देगा। दूसरी ओर, बीजेपी पर सवाल है कि क्या मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों की लोकप्रियता कम है और सत्ता का प्रभाव इन चुनावों में प्रभावी नहीं हो सका है? चूरू में राजेंद्र राठौड़ की रणनीतिक सफलता और ब्यावर में बीजेपी की हार जैसे परिणाम बताते हैं कि प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी की स्थिति समान नहीं है।
जिला परिषद परिणाम के राजनीतिक निहितार्थ
जिला प्रमुख चुनावों का सबसे बड़ा संदेश यह है कि राजस्थान की ग्रामीण राजनीति अभी किसी एक दल के लिए पूरी तरह एकतरफा नहीं हुई है। वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी कहते हैं कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी का संकट बढ़ता दिख रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए चुनौती पहले से ही थी, लेकिन अब भी न चेते तो संकट बन सकता है। त्रिपाठी का कहना है कि पंचायत चुनाव परिणामों ने यह भी स्थापित किया है कि राजस्थान में बीजेपी का कोई ऐसा नेता नहीं है जो कहे कि हमारे क्षेत्र में सब ठीक है। दरअसल, कांग्रेस ने बीजेपी को चुनौती देने की अपनी क्षमता साबित की है, जबकि बीजेपी के सामने सत्ता के साथ संगठनात्मक मजबूती बनाए रखने की चुनौती है। बीजेपी के लिए यह परिणाम चेतावनी है, कांग्रेस के लिए अवसर और राजस्थान की राजनीति के लिए एक नया संकेत कि सत्ता विधानसभा में भले ही हो, लेकिन राजनीतिक लड़ाई जनता के बीच लड़ी जाती है।
-
राकेश दुबे / आकांक्षा कुमारी
Please Read Also: Rajasthan BJP Leadership: भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़ को पद के साथ कद से भी बड़ा नेता बनना होगा, वरना…!
Releted Matter: Rajasthan Panchayat Election Results: बीजेपी सन्न, कांग्रेस प्रसन्नः पंचायत चुनाव में भजनलाल को बड़ा झटका

