Rajasthan Panchayat Election Results: राजस्थान में बीजेपी सन्न है और कांग्रेस प्रसन्न। पंचायती राज चुनाव के नतीजों (Rajasthan Panchayat Election Results) ने बीजेपी की अंदरूनी राजनीति में भूचाल ला दिया है। बीजेपी (BJP) में सन्नाटा है, तो कांग्रेस (Congress) में जश्न का माहौल। सत्ता में बैठी बीजेपी को ग्रामीण राजस्थान (Rajasthan) ने ऐसा झटका दिया है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लेकर पार्टी के कई दिग्गज नेताओं की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर है। पंचायत समितियों और जिला परिषदों के चुनाव में कांग्रेस ने जिस तरह बढ़त बनाई है, उसने विधानसभा चुनाव के दो साल पहले ही बीजेपी को उसके सारे समीकरण नए सिरे सम्हालने का संदेश दे दिया है। हालांकि, चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में मतगणना 17 दिसंबर को होनी है। इसलिए उनकी तस्वीर अभी सामने आना बाकी है। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ये नतीजे अगले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल है या मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के तीन साल के कार्यकाल पर जनता की पहली बड़ी राजनीतिक टिप्पणी?
कांग्रेस की वापसी, बीजेपी की ग्रामीण जमीन खिसकी
राजस्थान के 41 जिलों में हुए जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनाव में से 37 जिलों की मतगणना 20 नवंबर को हुई। पंचायत समिति की कुल 7,543 में से घोषित 7,501 सीटों में कांग्रेस ने 3,747 सीटें हासिल कीं, जबकि बीजेपी 2,211 सीटों पर सिमट गई। जिला परिषद की कुल 1,275 सीटों में से घोषित 1,271 सीटों में कांग्रेस ने 794 और बीजेपी ने केवल 357 सीटें जीतीं। इस चुनाव में सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) तीसरे नंबर पर और आदिवासी सांसद राजकुमार रोत की भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) चौथे नंबर पर रही। रालोपा को जिला परिषद में 51 सीट मिलीं, तो बाप को 43 सीटें हासिल हुईं। इसी तरह पंचायत समितियों में रालोपा 497 सीटें मिलीं, और बाप को 278 सीटें हासिल हुईं। पंचायत समितियों में 662 निर्दलीय जीते, तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 60 और कम्युनिस्ट पार्टी माले को 50 सीटें मिलीं। इसी तरह से जिला परिषद में बसपा को 6 और कम्युनिस्टों को 7 और निर्दलियों को 13 सीटें मिलीं।

मंत्रियों के गढ़ में बीजेपी को झटका, कांग्रेस के चेहरे चमके
इन चुनावों में बीजेपी के मंत्रियों के परिवारों की हार हुई, तो कई मंत्रियों के इलाकों में पार्टी का सफाया हुआ। नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और उनके दोनों बेटे चुनाव हार गए। खर्रा परिवार के कुल चार सदस्य इस चुनाव में हारे। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के क्षेत्र लोहावट में बीजेपी का खाता नहीं खुला, तो उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के क्षेत्र झोटवाड़ा में बीजेपी 15 में से केवल एक पंचायत समिति सीट जीत सकी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस ने पंचायत समिति की 46 सीटें जीतीं, मगर बीजेपी को 32 सीटें ही मिलीं। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में भी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने पंचायत समिति पर कब्जा जमाया। दूसरी ओर, बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और पुत्रवधू कनिका सिंह ने चूरू में जिला परिषद चुनाव जीतकर पार्टी की लाज बचाई। बीजेपी सरकार के मंत्रियों के लिए यह चुनाव व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों स्तर पर बड़ा झटका रहा है।
कांग्रेस के बड़े नेताओं के इलाकों में जीत का परचम
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर सहित उनके प्रभाव वाले इलाकों में भी कांग्रेस की पकड़ दिखाई दी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह जिले सीकर में और अधिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट के प्रभाव वाले टोंक क्षेत्र में भी कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद नीरज डांगी के प्रभाव वाले सिरोही जिले और उनके गृह जिले पाली दोनों में भी कांग्रेस ने अपनी जबरदस्त ताकत दिखाई है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के चुनाव क्षेत्र टोंक में भी कांग्रेस को अच्छा प्रतिसाद मिला। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा है कि जनता ने भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के तीन साल पूरे होने पर जनता ने यह हार बीजेपी को तोहफे में दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि किसानों, युवाओं, मजदूरों और महिलाओं की अनदेखी की है, जिससे तीन साल के भीतर ही बीजेपी पर जनता का भरोसा कम हुआ। पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट ने कहा है कि पंचायत चुनावों के नतीजों ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस की विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ है। सांसद नीरज डांगी ने कहा कि भाजपा के प्रति जनता में नाराजगी बढ़ रही है और यह जीत कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, लगन और संघर्ष का परिणाम है। विधानसभा में विपक्ष के नेता टीका राम जूली ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार की राजस्थान में डबल हार हुई है।

राजनीति के जानकारों की नजर में नतीजे
पंचायती राज के नतीजों पर चुनावी रणनीति के जानकारों का कहना है कि लगातार 3 साल तक मुख्यमंत्री पद पर रहने के बावजूद भजनलाल शर्मा को कांग्रेस द्वारा ‘पर्ची-सीएम’ के रूप में प्रचारित करने की रणनीति ने शर्मा की मजबूत नेता बनने की कोशिशों को असफल किया है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि सितंबर 2026 में हुए शहरी निकाय चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच वोट शेयर का अंतर महज 0.91% था, लेकिन निर्दलीयों के समर्थन से बीजेपी ने कांग्रेस के मुकाबले अधिक बोर्ड में कब्जा कर लिया था। इससे बीजेपी की जमीनी हकीकत का सही अंदाजा नहीं लग पाया और संगठन की कमजोरियां छिपी रहीं। लेकिन पंचायती राज चुवाव में कमजोरी सामने आ गई है। वरिष्ठ पत्रकार अरविंद चोटिया कहते हैं कि बीजेपी को यह सच स्वीकार करना चाहिए कि जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया है। चोटिया कहते हैं कि हार कोई बुरी बात नहीं होती। बुरी बात होती है नकार दिया जाना। चोटिया कहते हैं कि कांग्रेस में उत्साह लौट आया है और कार्य.कर्ताओं के कॉन्फिडेंस लेवल भी बढ़ा है। विश्लेषक मनीष गोधा के अनुसार, इन परिणामों ने कांग्रेस के ग्रामीण आधार को फिर मजबूत दिखाया है और बीजेपी के लिए सरकार के तीसरे वर्ष में चिंता का विषय खड़ा किया है।
मुख्यमंत्री की कुर्सी पर असर और कांग्रेस की सियासत
राजस्थान के पंचायती राज चुनावों के इन नतीजों से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निश्चित रूप से राजनीतिक दबाव बढ़ेगा, क्योंकि चुनाव परिणाम को उनके 3 साल के कार्यकाल को नतीजा माना जा रहा है। लेकिन बीजेपी की इस करारी हार को उनकी कुर्सी पर तत्काल संकट मानना जल्दबाजी होगी। दूसरी ओर, कांग्रेस के सामने भी चुनौतियां कम नहीं हैं। कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन क्या वह इस जीत को विधानसभा चुनाव तक कांग्रेस बरकरार रख सकेगी? क्या सचिन पायलट और अशोक गहलोत खेमे के साथ डोटासरा का राजनीतिक तालमेल बना रहेगा? इन सवालों के जवाब बाकी हैं। ग्रामीण राजस्थान का संदेश साफ है कि सत्ता में होने भर से चुनाव नहीं जीते जाते। जनता स्थानीय समस्याओं, नेतृत्व और कामकाज का हिसाब भी मांगती है। हालांकि, असली परीक्षा 2028 के विधानसबा चुनाव में होगी। इसलिए, फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि राजस्थान में कांग्रेस ने बीजेपी के सामने एक मजबूत चुनौती खड़ी कर दी है और कमल के लिए अब अपनी जड़ों को फिर मजबूत करना जरूरी हो गया है।
राकेश दुबे (वरिष्ठ पत्रकार)
संबंधित सामग्रीः Rajasthan Politics: क्या गहलोत से भिड़कर अपनी सियासी जमीन मजबूत कर रहे हैं भजनलाल शर्मा ?
इसे भी पढ़िएः Rajasthan Politics: गहलोत और भजनलाल के वार-पलटवार से दिलचस्प होती सियासत

