Diwali Bhajanlal Sharma: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हर प्रमुख अवसर को प्रदेश की जनता को समर्पित करते हुए उसे मनाते हैं तथा कार्यकर्ताओं को उस अवसर से जोड़ते हैं और खुद जनता से जुड़ते हैं। इस दीपावली पर भी, मुख्यमंत्री शर्मा ने कुछ ऐसा ही किया। दीपावली की रात वे जयपुर के बाजारों में शहर की रौनक देखने, लोगों से मिलने और जनता को सुभकामनाएं देने निकल पड़े। सुबह बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ महालक्ष्मी पूजन किया, सबके साथ दीपावली मनाई, मिठाई खिलाई और दोपहर में पत्रकारों के साथ वक्त बिताया। दीपावली की शाम मुख्यमंत्री आवास पर उन्होंने दीपावली के दीए जलाए और रंगोली सजाई और फिर बाजार में निकल पड़े लोगों से मिलने। इसके पहले धनतेरस पर वे खुद बाजार में जाकर लोगों से मिले और खरीददारी भी की, सांगानेर में दीपावली स्नेह सम्मेलन में लोगों सके साथ मिले, तो उससे पहले पांच बत्ती पर दीपोत्लव – 2026 का शुभारंभ किया। दीपावली के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री शर्मा ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्य, खुशहाली एवं नई ऊर्जा का संचार करे तथा हर घर-आंगन खुशियों के प्रकाश से आलोकित रहे।

बीजेपी कार्यालय में लक्ष्मीजी की पूजा
प्रदेश बीजेपी कार्यાलय में मुख्यमंत्री शर्मा ने उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा के साथ कार्यकर्ताओं के बीच उपस्थित हो कर दीपावली की विशेष पूजा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं को दीपावली पर शुभकामनाएं दी। शर्मा ने कहा कि त्रेता युग में भगवान राम ने राक्षसों को समाप्त करने का काम किया। उसके बाद उस समय रावण के आतंक को समाप्त करने का काम किया। ये पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। आज के दिन राम रावण पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे और अयोध्या में राम राज्य की स्थापना की। जन जन इस बात को स्वीकार करता है। राम राज्य सबसे अच्छा था क्योंकि राजा राम सबको साथ लेकर चले थे।

मुख्यमंत्री आवास पर मनाई दीपावली
दीपावली की शाम मुख्यमंत्री आवास पर शर्मा ने अपनी पत्नी गीता शर्मा के साथ दीए जलाकर दिपावली मनाई। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के आंगन में रंगोली सजाई, दीए जलाए और सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। इससे पहले बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से भी मुख्यमंत्री शर्मा ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी को व्यक्तिगत रूप से मिलकर दीपावली की शुभकामनाएं दी और बातचीत में कहा कि ये पर्व पूरी सनातन संस्कृति में बड़े धूमधाम का पर्व है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तय है। इसके साथ ही राजस्थान सरकार हर गांव,शहर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बाजार में खरीदारी, रोशनी उत्सव का शुभारंभ
राजस्थान की जनता को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने समाचार पत्रों में एक लेख भी लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि दीपावली एक अनूठा पर्व है, जो जीवन में प्रकाश, मन में उल्लास और समाज में सद्भाव का संचार करता है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने धनतेरस को जयपुर के बाजारों में जाकर दीपावली की खरीददारी भी की। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता शर्मा भी साथ थीं। बाजार में मुख्यमंत्री ने खरीदारी के लिए आए लोगों से भी मुलाकात की, उनके परिवार के बच्चों को लाड़ किया और सभी से मिलकर स्नेह बांटा। अपने चुनाव क्षेत्र सांगानेर में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में सहभागिता कर मुख्यमंत्री शर्मा ने उपस्थित गणमान्य लोगों एवं आत्मीयजनों के साथ पर्व की खुशियां साझा की। जयपुर में एमआई रोड पर एक समारोह में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव-2026 की रोशनी का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान जगमगाती रोशनी से सजा जयपुर का परकोटा उत्सव, उल्लास और उमंग के अद्भुत रंगों से सराबोर नजर आया। दीपावली पर जयपुर की रौनक कुछ खास होती है और रंगबिरंगी रोशनी व सजावट सहित आतिशबाजी के लिए यहां पिछले कई वर्षों से विशेष आयोजन होते हैं।

वोकल फॉर लोकल से जीवन में खुशहाली
राजस्थान की जनता के नाम अपने दीपावली संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबको साथ लेकर भारत को विकसित बनाने काम कर रहे हैं। मेरी ओर से दीपावली पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने सबके जीवन में खुशहाली की कामना करते हुए पीएम मोदी के विजन के साकार होने की कामना की है। इसके साथ ही लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वे वोकल फॉर लोकल के संदेश को अपनाते हुए लोकल सामान खरीदे ताकि सभी सामान्य उत्पादकों के जीवन में खुशहाली आए। इसी संदेश को साकार करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ा बाजार की दुकानों से स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित सामान खरीदा और यूपीआई से भुगतान कर लोकल फॉर वोकल का संदेश दिया। उन्होंने कामना की है कि सभी लोग मिल कर राजस्थान प्रदेश को विकसित बनाए और विकसित निकाय – विकसित गांव का सपना साकार हो।
-आकांक्षा कुमारी
यह भी पढ़ेः Bhajanlal Sharma: बीजेपी की सीएम प्रयोगशाला के सफल प्रोडक्ट साबित होते भजनलाल
इसे भी देखेंः Rajasthan CM: भारी पड़ते भजनलाल और रफ्तार पकड़ता राजस्थान

