Dharmendra Pradhan: भारतीय राजनीति ने 25 जुलाई 2026 को एक अभूतपूर्व मोड़ लिया। ‘नीट’ परीक्षा में गड़बड़ियों और पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में शुरू होकर देशव्यापी जनांदोलन बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दिपके का संघर्ष एक ऐतिहासिक मोड़ पर भी पहुंच गया। सबसे बड़ी बात है कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में 2014 से लेकर अब तक यह तीसरी सरकार है और अब 2026 तक बारह साल में पहली बार किसी मंत्री का इस्तीफा हुआ है। यह घटनाक्रम न केवल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की साख और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाता है, बल्कि भारत (India) में ‘डिजिटल मोबिलाइजेशन’ (डिजिटल लामबंदी) और युवा राजनीति के बदलते स्वरूप का एक जीवित उदाहरण भी है। भारतीय लोकतंत्र में, सीजेपी का आंदोलन (CJP Protest) के सामने मोदी सरकार के मंत्री इस्तीफे के रणनीतिक, राजनीतिक और नीतिगत मायने बहुत गहरे हैं, यह भी समझने की जरूरत है।

भारत विरोधी ताकतों को रोकना जरूरी था
भारत में नई पीढ़ी अब पारंपरिक भाषणों से नहीं, बल्कि प्रासंगिक मुद्दों और उनके अपने ‘डिजिटल फॉर्मेट’ में संवाद से प्रभावित होता है। जाने माने संपादक एवं राजनीतिक पर्यवेक्षक प्रदीप सिंह का कहना है कि यह एक सही समय पर लिया गया सही राजनीतिक निर्णय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहद सोची समझी रणनीति के तहत शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के त्यागपत्र के जरिए कई राजनीतिक निशाने एक साथ साध लिए हैं। प्रदीप सिंह कहते हैं कि भारत विरोधी तत्वों के नियंत्रण वाले इस आंदोलन को समय रहते रोकना जरूरी था, क्योंकि आने वाले एक दो दिनों में ही ये आंदोलनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करने वाले थे, जो कि भारत विरोधी ताकतें चाहती हैं। , इसीलिए इससे निपटने के लिए सरकार ने तत्काल सारी मांगे मानकर आंदोलन को रुकवा दिया है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार के अनुसार यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अचानक लिया गया निर्णय नहीं है। पीएम मोदी किसी भी तरह से ये आंदोलन रोक कर अपने आगे के कार्यक्रमों को जारी रखना चाहते हैं। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार एक और बात जोड़ते हुए कहते हैं कि भारतीय राजनीति में पहली बार देखा गया है कि एबीवीपी और एनएसयूआई जैसे पारंपरिक राजनीतिक छात्र संगठनों के बजाय एक पूरी तरह से गैर-राजनीतिक, सोशल मीडिया आधारित व्यंग्यात्मक मंच ने केंद्र सरकार के एक बड़े कैबिनेट मंत्री का इस्तीफा ले लिया।
बीजेपी के लिए यह ‘इमेज मैनेजमेंट’ का हिस्सा
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे विपक्षी दलों के लिए इसे एक चेतावनी और सीख दोनों बताते हुए राजनीतिक टिप्पणीकार एडवोकेट संदीप शुक्ला कहते हैं कि ‘कॉक्रोच’ की इस सफलता ने साबित किया है कि जनमुद्दों पर युवाओं को जोड़ने के लिए किसी भारी-भरकम दलीय ढांचे की आवश्यकता नहीं है। यदि मुख्यधारा के दल युवाओं की परीक्षा में धांधली और बेरोजगारी जैसी वास्तविक चिंताओं को नहीं भुना पाते, तो ऐसे नए नागरिक आंदोलन उनकी जगह ले लेंगे। देश के राजनीतिक हालात पर नजर रखने वाले बुद्धिजीवी डॉ जितेंद्र नागर का कहना है कि सत्ताधारी बीजेपी के लिए यह निर्णय ‘इमेज मैनेजमेंट’ का हिस्सा है। आने वाले समय में छात्र असंतोष एक बड़ा मुद्दा बन सकता था। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के जरिए पीएम मोदी सरकार ने यह दिखाया है कि वह जन-दबाव के सामने लचीला रुख अपना सकती है, हालांकि इससे मोदी सरकार में इस्तीफे नहीं होने का मिथक जरूर टूट गया है, लेकिन इसके जरिए मोदी सरकार को एक नया हथियार मिल गया है।
‘विरोधी तत्वों’ को मौका न देने की रणनीति अहम
नरेंद्र मोदी सरकार के इस निर्णय को रणनीतिक तरीके से देखें, तो सरकार के पीछे हटने का विश्लेषण किया जाए, तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा केवल एक व्यक्ति का पदत्याग नहीं है, बल्कि सरकार की सोची-समझी राजनीति का हिस्सा है। दरअसल, यह डैमेज कंट्रोल है। लगातार बढ़ते विरोध और दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच सरकार यह संदेश नहीं देना चाहती थी कि वह युवाओं और छात्रों के प्रति संवेदनशील नहीं है। इसके साथ ‘विरोधी तत्वों’ को मौका न देने की रणनीति भी अहम है। मंत्री पद से अपने त्यागपत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर निर्मित स्थिति का फायदा ‘देश विरोधी ताकतें’ न उठा सकें और छात्रों का भविष्य कानूनी उलझनों में न फंसे, इसलिए उन्होंने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया। सरकार के सुधारात्मक कदम देखें, तो सरकार ने सीबीआई जांच, आगामी वर्ष से ‘नीट’ को कंप्यूटर आधारित टेस्ट मोड में कराने, और सख्त ‘पेपर-लीक विरोधी कानून’ लागू करने का वादा करके छात्रों के गुस्से को शांत करने का प्रयास किया है।

‘व्यंग्य’ से ‘संसद घेराव’ और मंत्री के इस्तीफे तक
मई 2026 में राजनीतिक संचार रणनीतिकार अभिजीत दिपके ने व्यंग्यात्मक तरीके से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की नींव रखी थी। “आलसियों और बेरोजगारों की आवाज” के नारे और एआई जेनरेटेड मीम्स के साथ शुरू हुआ यह मंच जेन-जेड पीढ़ी के बीच जंगल की आग की तरह फैला। परीक्षा रद्द होने और अनियमितताओं के दावों के बाद सीजेपी का ‘कॉक्रोच’ केवल एक डिजिटल ट्रेंड नहीं रहा, बल्कि सड़कों पर उतर आया। पर्यावरणविद् और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के 26 दिनों के अनशन ने इस आंदोलन को नैतिक और सामाजिक मजबूती दी। ‘सीजेपी’ ने मुख्य रूप से तीन मांगें रखी थीं, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा। आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिवारों को ₹1 करोड़ का मुआवजा। और प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेना। ऐसा न लगे कि सरकार की ओर से मामला लंबा ना खींचा जा रहा है, सो, सबसे पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा आया। धर्मेंद्र प्रधान बोले – मैं देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करता हूं। भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करता हूं।
‘कॉक्रोच’ जनता पार्टी का आंदोलन और भविष्य
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और ‘कॉक्रोच’ आंदोलन का यह राजनीतिक घटनाक्रम भारतीय लोकतंत्र के लिए एक मील का पत्थर है। इसने स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया की ताकत जब धरातल पर एकजुटता में बदलती है, तो वह सबसे मजबूत शासन व्यवस्था को भी नीतिगत निर्णय बदलने पर मजबूर कर सकती है। हो सकता है कि आने वाले वक्त में, ‘कॉक्रोच’ जनता पार्टी राजनीतिक दल के रूप में आगे आएं, और चुवी मैदान में भी उतरें। लेकिन अब देखना यह होगा कि क्या सीजेपी का सरकार पर दबाव बनाने का यह प्रयोग भारत में छात्र-आंदोलनों और ‘पॉलिटिकल सटायर’ के भविष्य की नई दिशा तय करेगा या मामला यही ठप हो जाएगा।
-राकेश दुबे
–

