Jaipur Foundation Day: दुनिया भर में गुलाबी नगरी (Pink City) के नाम से विख्यात जयपुर (Jaipur) अपने 299 वर्ष पूरे करके अब 300 साल का हो गया है। 300 साल पुराना शहर, जिसकी हर गली का एक अपना इतिहास है, हर इमारत में एक वैज्ञानिक कहानी है और हर बाजार की अपनी एक अलग कथा।18 नवंबर राजस्थान (Rajasthan) की राजधानी जयपुर की स्थापना का दिवस है। जी हां, सन 1727 का 18 नवंबर का दिन, इसी तारीख को महाराजा सवाई जयसिंह (Sawai Jai Singh – II) द्वितीय के दूरदर्शी दृष्टिकोण से आबाद हुए जयपुर स्थापना दिवस (Jaipur Foundation Day) इस बार महज एक तारीख नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति, स्थापत्य कला और गौरवशाली परंपराओं को सहेजने का उत्सव बन गया है। देश-विदेश के विभिन्न शहरों में रहने वाले जयपुरवासियों में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल है। जयपुर के प्रवासियों की संस्था जयपुर प्रवासी संघ के अनुसार मुंबई – दिल्ली सहित लंदन, न्यूयॉर्क, सिडनी, मेलबर्न आदि दुनिया भर के 46 देशों में बसे जयपुरवासी परंपरागत तरीके से गुलाबी नगरी का स्थापना दिवस मना रहे हैं।
सवाई जयसिंह द्वितीय का सपना जयपुर
जयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत 17 नवंबर को सुबह मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में गणेश निमंत्रण के साथ हुई। जयपुर की स्थापना के पीछे केवल एक नई राजधानी बसाने का विचार नहीं था, बल्कि एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समृद्ध शहर का सपना था। आमेर से राजधानी स्थानांतरित करने की आवश्यकता के बीच महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने विद्वान वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य के सहयोग से इस शहर की योजना तैयार करवाई। शिल्पशास्त्र और वास्तु सिद्धांतों पर आधारित नौ चौकड़ियों में बसा जयपुर अपने समय की अद्भुत नगर नियोजन कला का उदाहरण बना। चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित बाजार, चौपड़, मंदिर, हवेलियां और भव्य प्रवेश द्वार इसकी विशिष्ट पहचान बने। यही कारण है कि 2019 में जयपुर के परकोटा क्षेत्र को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया।

दुनिया भर में बसे जयपुर प्रवासियों में उमंग
जयपुर स्थापना दिवस पर जयपुर प्रवासी संघ के संरक्षक कृष्ण कुमार राठी एवं अध्यक्ष सुनील सिंघी ने सभी प्रवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रवासियों में उत्साह का माहौल है। जयपुर शिरोमणि अवॉर्ड से सम्मानित निरंजन परिहार ने कहा है कि जयपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला, परंपराओं और आत्मीयता के लिए विश्व भर में विशिष्ट पहचान रखने वाली सांस्कृतिक नगरी है। गुलाबी नगरी के स्थापना दिवस पर प्रवासियों के दिलों में जयपुर का जलवा दिख रहा है। राजनीतिक विश्लेषक परिहार ने कहा कि जयपुर के करीब 1 लाख लोग दुनिया भर में बसे हैं, लेकिन गुलाबी नगरी की संस्कृति, संस्कार और सान्निध्य हमारी पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। दुनिया भर में बसे जयपुर के प्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जयपुर प्रवासी संघ ने कहा है कि गुलाबी नगरी अपनी सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक वैभव को अक्षुण्ण रखते हुए विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी चमक बिखेर रही है। ऐसे में, रोजगार, व्यवसाय और बेहतर भविष्य की तलाश में देश-दुनिया के विभिन्न शहरों में बसे प्रवासी भले ही अपनी जन्मभूमि से दूर हों, लेकिन उनके दिलों में जयपुर हमेशा धड़कता है।
गूंजी शहनाई और रोशनी के साथ अनुष्ठान
18 नवंबर को स्थापना दिवस के मुख्य आयोजन। सुबह गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन और इसके बाद प्रसिद्ध गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन-पूजन। गुलाबी शहर के ऐतिहासिक चांदपोल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट सहित प्रमुख ऐतिहासिक दरवाजों और मंदिरों पर शहनाई की मधुर स्वर लहरियां। सदियों पुरानी इन ऐतिहासिक इमारतों के बीच शहनाई की धुनें जयपुर की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक उत्सवी वातावरण को जीवंत करने का पर्याप्त माहौल बुनती रहीं। जयपुर के 299वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े जी के सान्निध्य में बिड़ला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन हुआ। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, विधायक कालीचरण सराफ , महापौर सुनील कोठारी सहित गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों की गरिमामय उपस्थिति रही। प्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार, एहसान कुरैशी, दिनेश रघुवंशी, सुरेश अलबेला, आदि की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने गुलाबी नगरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नवीन अनुभूति प्रदान की।

परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम
जयपुर की पहचान केवल हवामहल, आमेर दुर्ग, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसे ऐतिहासिक स्मारकों तक सीमित नहीं है। यहां की चौपड़ें, बाजार, लोकसंगीत, कठपुतली कला, ब्लू पॉटरी, कुंदन-मीनाकारी, बंधेज और पारंपरिक खानपान के साथ साथ मूर्तिकला और ज्वेलरी भी इसकी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। एक ओर सदियों पुराने मंदिरों में आरती और शहनाई की स्वर लहरियां सुनाई देती हैं, तो दूसरी ओर आधुनिक मॉल, कला दीर्घाएं, पर्यटन स्थल और बदलती जीवनशैली इसे समकालीन महानगर का स्वरूप देते हैं। जयपुर का 299वां स्थापना दिवस इसी विरासत और आधुनिकता के बीच का सेतु। यह उत्सव केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रहे, इसके लिए जयपुर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जनोत्सव बना, और यही इसकी सार्थकता रही। स्थापना दिवस की शाम स्टेच्यू सर्किल पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन समारोह। दीपों की रोशनी से जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की प्रतिमा जगमगा उठी। यह जगमग उस दूरदर्शी शासक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक, जिसकी कल्पना ने एक ऐसे शहर को जन्म दिया, जो आज दुनिया भर में अपनी वास्तुकला, कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विविधता के लिए पहचाना जाता है।
अपने 300वें वर्ष में प्रवेश करता जयपुर
पूरे 299 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर जयपुर अब अपने 300वें वर्ष की ओर बढ़ रहा है। यह अवसर हमेशा से अतीत के गौरव का स्मरण करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों को समझने का रहा है। जिस शहर को दूरदर्शी सोच, सुव्यवस्थित नियोजन और सांस्कृतिक समृद्धि के आधार पर बसाया गया था, उसकी ऐतिहासिक पहचान और विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है। आखिर जयपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि इतिहास, कला, स्थापत्य और जीवंत परंपराओं की ऐसी विरासत है, जिसकी खूबसूरती समय के साथ और निखरती गई है। अइपने 299वें स्थापना दिवस पर जगमगाते दीयों के उजाले और गूंजती शहनाई की धुनें मानो यही संदेश दे रहे हैं कि गुलाबी नगरी का गौरव केवल उसके अतीत में नहीं, बल्कि उसकी जीवंत संस्कृति और सुनहरे भविष्य में भी बसता है।
-राकेश दुबे (वरिष्ठ पत्रकार)
इसे भी पढ़ेः Jaipur Diwali: …क्योंकि जयपुर की दिवाली सीधे दिल में उतरती है, और सदा के लिए वहीं बस जाती है!
यह भी देखेंः संसार के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शुमार जयपुर का सबसे नया आकर्षण

