
Rajasthan Politics: अशोक गहलोत और भजनलाल शर्मा। दोनों सरल। दोनों सहज। दोनों सौम्य। और दोनों सामान्य। मगर राजस्थान की राजनीति (Rajasthan Politics) में दोनों के बीच असामान्य असहजता है। वार पर वार। पलटवार। और हर बयान के पीछे एक नई राजनीतिक पहेली। एक तरफ अशोक गहलोत हैं। पूर्व मुख्यमंत्री। अनुभवी। धुरंधर। फिलहाल लगभग अकेले। दूसरी तरफ भजनलाल शर्मा हैं। मुख्यमंत्री। सत्ता उनके पास है। सरकार उनके साथ है। प्रशासन उनके हाथ है। और संसार की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बीजेपी का संगठन भी है। लेकिन सत्ता का यह विशाल आभामंडल भी उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक पहचान की तलाश खत्म नहीं कर पाया है। यही इस वाक युद्ध की असली तस्वीर है। अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) से भिड़कर भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) अपनी सियासी जमीन मजबूत करना चाहते हैं? या गहलोत को कमजोर करके कांग्रेस को कमजोर करने की रणनीति पर चल रहे हैं? सवाल कई हैं। मगर कांग्रेस (Congress) के कद्दावर नेता से बीजेपी (BJP) के मुख्यमंत्री के इस मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि राजस्थान (Rajasthan) की राजनीति में गहलोत का फिलहाल ऐसा कोई सीधा नुकसान दिखाई नहीं देता, जिससे उनकी राजनीतिक हैसियत कमजोर हो। हां, मुख्यमंत्री (Chief Minister) की अतिरिक्त सक्रियता उन्हें आक्रामक नेता के रूप में जरूर पेश कर रही है। लेकिन आक्रामकता और राजनीतिक प्रभाव में फर्क होता है। और राजनीति में यह फर्क अक्सर बहुत महंगा पड़ता है।
आरोपों की आग, गहलोत का जवाब
नवंबर 2026 की शुरूआत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आरोपों के बाद अशोक गहलोत ने सबूत पेश करने या माफी मांगने की मांग की। बात यहीं से तीखी हुई। गहलोत ने आरोपों को हवा में उड़ाने के बजाय उनके आधार पर सवाल खड़े किए। संदेश साफ था। आरोप लगाइए। मगर प्रमाण भी दीजिए। राजनीति के इस पुराने हथियार का गहलोत इस्तेमाल करना बेहतर जानते हैं। वे मुख्यमंत्री के आरोपों को केवल बयानबाजी मानकर छोड़ने के मूड में नहीं हैं। बल्कि उन्हें जवाबदेही के सवाल में बदल रहे हैं। इससे मुख्यमंत्री के सामने भी मुश्किल खड़ी होती है। आरोप लगाना आसान है। साबित करना मुश्किल। और जब सामने गहलोत जैसा अनुभवी नेता हो, तो राजनीतिक चुनौती और बढ़ जाती है। गहलोत तो जानते हैं कि कब चुप रहना है। कब बोलना है। कब मुद्दे को लंबा खींचना है। और कब विरोधी के आरोपों को उसी के खिलाफ इस्तेमाल करना है। मुख्यमंत्री शर्मा के लिए यह मुकाबला अपेक्षाकृत नया है। वे पहली बार विधायक बने। सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे। राजनीति में यह उपलब्धि है। मगर अनुभव का विकल्प नहीं।

अनुभवी गहलोत, शर्मा की पहली पारी
अशोक गहलोत का राजनीतिक सफर लंबा है। बहुत लंबा। पांच बार सांसद। छह बार विधायक। तीन बार मुख्यमंत्री। तीन प्रधानमंत्रियों के साथ केंद्र में मंत्री। दो बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष। दो बार अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव। संगठन से सरकार तक। दिल्ली से जयपुर तक। चुनाव से प्रशासन तक। गहलोत ने लगभग हर मोर्चे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। उनका अनुभव केवल पदों की सूची नहीं है। वे राजस्थान की राजनीति के सामाजिक समीकरणों को समझते हैं। संगठन की ताकत को तो जानते ही हैं, संगठन की कमजोरियों की ताकत को भी समझते हैं। और विरोधियों की चालों को पढ़ने की क्षमता रखते हैं। इसके मुकाबले भजनलाल शर्मा का सार्वजनिक जीवन छोटा है। पहली बार विधायक। पहली बार मुख्यमंत्री। उन्होंने केवल एक विधानसभा चुनाव लड़ा है। यही अंतर दोनों के बीच राजनीतिक मुकाबले को ज्यादा दिलचस्प बनाता है। गहलोत के लिए यह पुरानी राजनीतिक दुनिया है। शर्मा के लिए यह नई चुनौती। राजनीति में नए खिलाड़ी को अक्सर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए किसी बड़े प्रतिद्वंद्वी की जरूरत पड़ती है। गहलोत इस भूमिका में फिट हैं।
गहलोत शायद बीजेपी के सॉफ्ट टारगेट
मुख्यमंत्री शर्मा गहलोत को ही निशाना क्यों बना रहे हैं? क्या गहलोत को कमजोर करके कांग्रेस को कमजोर करने की रणनीति है? या फिर मुख्यमंत्री अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने के लिए गहलोत को सबसे उपयोगी प्रतिद्वंद्वी मान रहे हैं? राजस्थान की राजनीति में ये सवाल बार-बार सामने आ रहे है। लेकिन दोनों संभावनाएं हैं। गहलोत राजस्थान कांग्रेस का सबसे बड़ा राजनीतिक चेहरा हैं। उनके खिलाफ हमला कांग्रेस के पिछले शासनकाल को चर्चा में लाने का अवसर देता है। बीजेपी के लिए यह राजनीतिक रूप से उपयोगी हो सकता है। लेकिन इसमें बड़ा जोखिम भी है। जिस नेता को लगातार निशाना बनाया जाता है, उसकी राजनीतिक प्रासंगिकता भी बनी रहती है। और गहलोत जैसे नेता के मामले में यह जोखिम कुछ ज्यादा है। क्योंकि राजस्थान कांग्रेस में उनके मुकाबले का कोई दूसरा चेहरा फिलहाल उतना बड़ा दिखाई नहीं देता। क्योंकि गहलोत पर मुख्यमंत्री के बार बार हमले कांग्रेस को कमजोर करने के बजाय गहलोत को राजनीति के केंद्र में प्रासंगिक बनाए रख रहे हैं। राजनीति का यह अजीब गणित है। कभी-कभी विरोधी को कमजोर करने की कोशिश ही उसे ज्यादा मजबूत बना देती है।

सीएम पद सुरक्षित, मगर प्रतिष्ठा की तलाश
भजनलाल शर्मा के सामने सबसे बड़ी चुनौती मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहना नहीं है। असली चुनौती है अपनी राजनीतिक पहचान बनाना। कुर्सी पार्टी देती है। लेकिन राजनीतिक कद जनता के बीच बनता है। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा महत्वपूर्ण है। संगठन का समर्थन भी जरूरी है। लेकिन अपनी स्वतंत्र पहचान स्थापित करना एक अलग राजनीतिक मुकाम है। शर्मा जानते हैं कि मुख्यमंत्री होना और जननेता होना एक ही बात नहीं है। इसीलिए गहलोत से मुकाबला उनके लिए राजनीतिक अवसर बन सकता है। मुख्यमंत्री अपने समर्थकों को संदेश दे सकते हैं कि वे विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे से सीधे मुकाबला कर रहे हैं। लेकिन इस रणनीति की सफलता केवल आरोपों से तय नहीं होगी। राजनीति में केवल विरोधी को कमजोर करना पर्याप्त नहीं होता। अपनी ताकत भी दिखानी पड़ती है।
गहलोत को कमजोर करना आसान नहीं
गहलोत के सामने भी चुनौतियां कम नहीं हैं। कांग्रेस को राजस्थान में अपना संगठन मजबूत करना है। राजनीतिक आधार बचाना है। आगामी चुनावों की तैयारी करनी है। गहलोत यदि लगातार मुख्यमंत्री के आरोपों का जवाब देने में ही उलझे रहते हैं, तो कांग्रेस के वास्तविक मुद्दे पीछे छूट सकते हैं। लेकिन गहलोत की राजनीतिक समझ उन्हें इस खतरे से अनजान नहीं रहने देगी। वे जानते हैं कि राजनीतिक मुकाबले को केवल व्यक्तिगत आरोपों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उनके लिए यह अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने का अवसर भी है। मुख्यमंत्री के आरोपों का जवाब देकर वे राजस्थान कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेता के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर रहे हैं। लेकिन इस मुकाबले में एक बात साफ है। गहलोत को कमजोर करने की कोशिश तभी सफल होगी, जब उनके मुकाबले कोई मजबूत राजनीतिक विकल्प भी दिखाई दे। और फिलहाल राजस्थान की राजनीति में यह मुकाबला दो नेताओं के बीच है। एक अनुभवी। दूसरा अपनी पहचान की तलाश में।

असली लड़ाई राजनीतिक छवि की
भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत के बीच जारी वार-पलटवार में गहलोत अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा के आधार पर जवाब दे रहे हैं। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में फिलहाल गहलोत को कोई निर्णायक राजनीतिक नुकसान दिखाई नहीं देता। लेकिन मुख्यमंत्री शर्मा जरूर अपनी आक्रामक राजनीतिक छवि बनाने की कोशिश में दिख रहे हैं। मगर सवाल यह है कि क्या यह आक्रामकता उनकी राजनीतिक ताकत में भी बदलेगी? राजनीति में विरोधी से भिड़ना आसान है। उससे बड़ा साबित होना मुश्किल। और मुख्यमंत्री के सामने अब यह भी बड़ा सवाल है कि लगातार आरोप लगाकर कहीं वे गहलोत को ही राजस्थान की राजनीतिक धुरी के रूप में स्थापित तो नहीं कर रहे हैं? राजस्थान की राजनीति इसी सवाल का जवाब तलाश रही है। हालांकि दोनों नेता अपने-अपने तरीके से अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप कदम भर रहे हैं। लेकिन राजनीति में असली जीत जनता के दिलों में बसने से मिलती है। जिसके लिए भजनलाल शर्मा फिलहाल प्रयासरत हैं,मगर अशोक गहलोत तो 50 साल से वहीं बसे हुए हैं। इससे तो आप भी सहमत होंगे!
– निरंजन परिहार
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक हैं)
इसे भी पढ़िएः Diwali Bhajanlal Sharma: हर उत्सव पर कुछ अनोखे अंदाज से लोगों से जुड़ते भजनलाल शर्मा
यह भी देखेंः Ashok Gehlot: एनएसयूआई से लेकर अब तक हर दौर में प्रासंगिक रहे हैं गहलोत

