Sonia Gandhi Bookः: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की पुस्तक ‘बिलोंगिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) समकालीन भारतीय विमर्श में नए महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में सामने आई है। 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, नेहरू-गांधी परिवार, बच्चों का लालन – पालन और परिवार की बातों के साथ साथ नेहरू – गांधी परिवार की राजनीतिक विरासत पर बहुत ज्यादा बात की है और समकालीन भारतीय राजनीति (Politics) को बहुत कम पन्नों में समेटा है। हालांकि सोनिया गांधी की पुस्तक (Sonia Gandhi Bookः) का मूल उद्देश्य अपने जीवन और राजनीतिक यात्रा को दर्ज करना है, लेकिन इसके राजनीतिक हिस्से ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोनिया ने लिखा है कि नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) जब भी उनसे मिलते हैं तो नजरें नहीं मिलाते। इसके साथ ही उनके हर काम पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का असर दिखता है। राजनीतिक विश्लेषकों के एक वर्ग का कहना है कि सोनिया ने मोदी के बारे में आधा सच कहा है, तो कुछ कहते हैं कि इसी आधे सच ने उनका पूरा सच भी बता दिया है। कुछ विश्लेषक कहते हैं कि बहुत सोची समझी रणनीति के तहत सोनिया ने पीएम मोदी के बारे में अपनी हर बात के साथ आरएसएस का उल्लेख किया है, इसी से समझा जा सकता है कि वे असल में क्या कहना चाहती हैं।

मोदी और सोनिया: दो भिन्न अवधारणाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोनिया गांधी के राजनीतिक और वैचारिक संबंधों को लेकर पुस्तक का हिस्सा सबसे ज्यादा चर्चित है। सोनिया गांधी स्पष्ट करती हैं कि दोनों के बीच भारत की अवधारणा को लेकर बुनियादी वैचारिक मतभेद हैं। सोनिया प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक विचारधारा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से प्रभावित मानती हैं, जिसमें उनके आकलन के अनुसार धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्राथमिकता तथा सामाजिक व्यवस्था में पदानुक्रम और नियंत्रण को अधिक महत्व दिया जाता है। सोनिया गांधी लिखती हैं कि मोदी और वह अपने-अपने भारत के विचार के लिए संघर्षरत हैं। उनका भारत समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित है, जबकि मोदी की राजनीतिक दृष्टि उनसे अलग है। लगातार बारह साल से प्रधानमंक्त्री पद पर रहते हुए भी मोदी से अपने सीमित व्यक्तिगत संपर्कों का उल्लेख करते हुए सोनिया लिखती हैं कि मुलाकातें बेहद कम होती हैं। मोदी केवल संसद सत्र के बाद स्पीकर के कक्ष में होने वाली मुलाकातों में दोनों औपचारिक अभिवादन करते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं। हालांकि वह यह भी स्वीकारती हैं कि मोदी उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछते हैं।
आत्मकथा है या यादों का दस्तावेज?
पुस्तक को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों की प्रतिक्रियाएं भी महत्वपूर्ण हैं। वरिष्ठ पत्रकार अजित अंजुम तो इसे लेकर इतने उत्साहित थे कि सोनिया गांधी की ये पुस्तक उन्होंने एक -डेढ़ महीने पहले ही ऑनलाइन प्री बुक कर दी थी। वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सिंह ने सोनिया की पुस्तक को नेहरू-गांधी परिवार की राजनीतिक विरासत का बचाव करने और उसके ऐतिहासिक विवादों पर पर्दा डालने का प्रयास बताया है। प्रदीप सिंह के मुताबिक इस पुस्तक की दिलचस्प बात यह है कि पीएम मोदी के सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से राजनीतिक शिखर तक पहुंचने को सोनिया गांधी स्वीकार करती हैं, लेकिन मोदी द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली उनकी विनम्र पारिवारिक पृष्ठभूमि की छवि पर सवाल भी उठाती हैं। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि सोनिया गांधी अंततः एक राजनेता हैं, इसलिए भले ही उनकी पुस्तक ‘बिलोंगिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ को निजी प्रसंगों की किताब बताया जा रहा हो, लेकिन इसके वास्तविक निहितार्थ पूरी तरह राजनीतिक ही हैं। परिहार के मुताबिक यह भारतीय राजनीति के समकालीन विमर्श की पुस्तक है। ‘द हिंदू’ के पूर्व प्रधान संपादक एन राम ने पुस्तक के संदर्भ में कहा है कि इसे केवल 2029 के राजनीतिक पुस्तक नहीं समझना चाहिए। राम के अनुसार, सोनिया अपने जीवन और अनुभवों को दर्ज करना चाहती थीं। राजनीतिक मुद्दे उनके जीवन के स्वाभाविक संदर्भ के रूप में सामने आए हैं। वरिष्ठ पत्रकार सुनीता एरन ने कहा कि सोनिया गांधी हमेशा से अपने निजी जीवन को लेकर काफी गोपनीय रही हैं, इसलिए यह किताब महत्वपूर्ण है क्योंकि यह घटनाओं पर उनका स्वयं का दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।

बड़ी तथ्यात्मक भूल भी हैं सोनिया की पुस्तक में
सोनिया गांधी देश की एक बड़ी नेता हैं, अतः उनकी पुस्तक में तथ्यात्मक भूल होना नहीं चाहिए थी। फिर भी इस पुस्तक में कुछ बड़ी तथ्यात्मक भूल भी मौजूद है। खासकर अपने सबसे करीबी सहयोगी अहमद पटेल के बारे में। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि पुस्तक के 29 वें अध्याय में पेज संख्या 401 पर सोनिया गांधी ने लिखा है कि अहमद पटेल का निधन कोविड महामारी के कारण 2022 में हुआ था। जबकि अहमद पटेल की मृत्यु 2020 में हुई थी और कोविड महामारी 2022 से पहले ही खत्म हो चुकी थी। इसी तरह पुस्तक के अध्याय 33 के पृष्ठ 461 पर सोनिया गांधी ने अन्ना हजारे के आंदोलन की शुरुआत 2012 में बताई है, जबकि पांच अप्रैल 2011 को अन्ना ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। वरिष्ठ पत्रकार अजित अंजुम कहते हैं कि हालांकि 2011 को 2012 लिख देना मामूली चूक है, लेकिन इतनी महत्वकांक्षी किताब में इन सब चीजों पर ध्यान देना चाहिए, एडिटर की इसमें अहम भूमिका होती है। एक और गलती अध्याय 24 के पृष्ठ 338 पर है। इसमें सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना का वर्ष 1921 लिखा है। जबकि संघ की स्थापना 27 सितंबर 1925 को नागपुर में डॉ केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। इस पुस्तक के प्रकाशन के साथ ही कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।
संघ परिवार और भाजपा की राजनीति पर प्रहार
पुस्तक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके वैचारिक प्रभाव को लेकर सोनिया गांधी की आलोचना काफी मुखर है। उनके अनुसार, संघ की दीर्घकालिक राजनीतिक परियोजना भारतीय समाज में एक धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का वर्चस्व स्थापित करने की है। वह भाजपा के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के नारे को केवल एक राजनीतिक दल को सत्ता से बाहर करने की कोशिश नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और ऐतिहासिक योगदान को सार्वजनिक विमर्श से हटाने के प्रयास के रूप में देखती हैं। सोनिया गांधी का आरोप है कि नेहरू और गांधी परिवार के विरुद्ध संघ परिवार से जुड़े प्रचार माध्यमों ने लंबे समय से नकारात्मक अभियान चलाया है। सोशल मीडिया, बॉट नेटवर्क, एआई से निर्मित सामग्री और डीपफेक के माध्यम से इस अभियान को और व्यापक बनाया गया है। उनका मानना है कि राजनीतिक विरोध को वैचारिक असहमति तक सीमित रखने के बजाय व्यक्तिगत आरोपों और दुष्प्रचार का माध्यम बनाया जा रहा है।
– राकेश दुबे (वरिष्ठ पत्रकार)
इसे भी देखेंः सोनिया गांधी ही कांग्रेस में एकता की मजबूत डोर
यह भी देखेंः Prashant Kishor: राहुल गांधी को ऐसा लगता है कि वह सब कुछ जानते हैं!

