Rajasthan Politics: राजस्थान में दिसंबर 2023 में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने भजनलाल सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, तो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) ने भी गहलोत के शासनकाल और कांग्रेस (Congress) की राजनीति को निशाने पर लेकर जवाब दिया। कभी राजस्थान सरकार (Rajasthan Government) की कार्यशैली पर ‘सर्कस’ का तंज, कभी फोन टैपिंग पर नैतिकता की नसीहत। कभी बीजेपी (BJP) के राज में पेपर लीक और मानसिक संतुलन को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणियां। फिरअब ‘इंतजार शास्त्र’ बनाम ‘झूठ शास्त्र’ की सियासी जंग सहित परिवार के सदस्यों को राजनीतिक मामलों से दूर रखने की सलाह चर्चा में रही। ताजा मामला जोधपुर में गहलोत पर मुख्यमंत्री (Chief Minister) के नकली खाद और बीज बेचने के गंभीर आरोप का है, तो गहलोत ने कहा कि वे ‘पर्ची’ से पढ़कर ऐसी बातें बोल रहे होंगे। राजनीतिक विश्लेषकों की राय में सरकार के कामकाज और सरकार में बैठे लोगों को निशाने पर लेना, विपक्षी पार्टी के नेता के नाते गहलोत का काम है। लेकिन मुख्यमंत्री कौ धैर्य रखते हुए इन आरोपों के जवाब किसी दूसरे से दिलवाने चाहिए, ताकि मुख्यमंत्री पद की गरिमा को ठेस ना पहुंचे। राजस्थान की राजनीति (Rajasthan Politics) में बीते 3 साल से जनता गहलोत और भजनलाल की जुबानी जंग के नतीजे कुछ भी नहीं है, लेकिन जनता जरूर मजे लेती दिख रही है।

नकली खाद-बीज की बात पर्ची पढ़कर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत पर आरोप लगाया कि वे जन्मजात किसान विरोधी और झूठे हैं। उन्होंने गहलोत पर किसानों के शोषण, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत अपने पुराने समय में खाद-बीज की दुकान चलाने के दिनों में नकली खाद और बीज बेचते थे। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बयानों से उनकी पर्सनालिटी को स्थाई नुकसान पहुंचा है और वे ‘पर्ची’ से पढ़कर ऐसी बातें बोल रहे हैं। गहलोत ने कहा कि जब मैंने दुकान खोली थी, तब मुख्यमंत्री महज 5 साल के थे। उल्लेखनीय है कि भजनलाल शर्मा को राजस्थान में पर्टी मुख्यमंत्री के रूप में जाना जाता है क्योंकि पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा की मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी ने पर्ची निकालकर घोषणा की थी।
सरकार ‘सर्कस’, तो विधायक होटलों में
दोनों नेताओं के बीच चर्चित जुबानी जंग का एक बड़ा प्रसंग अक्टूबर 2024 में सामने आया। गहलोत ने राजस्थान की बीजेपी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसे ‘सर्कस’ करार दिया। उनका निशाना सरकार के भीतर मंत्रियों के इस्तीफे और राजनीतिक असमंजस की स्थिति थी। इस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि गहलोत को अपने पांच साल के कार्यकाल को याद करना चाहिए। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के दौरान कभी विधायक होटल में रहते थे तो कभी सरकार को बचाने के लिए राजनीतिक कवायद करनी पड़ती थी। बीजेपी नेताओं ने भी गहलोत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। इस घटनाक्रम ने स्पष्ट कर दिया कि राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के बाद भी गहलोत और बीजेपी के बीच राजनीतिक कटाक्ष का सिलसिला थमने वाला नहीं है।
परिवार की सरकार से दूरी और फोन टैपिंग विवाद
मुख्यमंत्री के बेटे के राजनीति में दखल पर समूचे राजस्थान में जब व्यापक चर्चा हुई, तो पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को यह सलाह दी थी कि वे और उनके मंत्री अपने परिवार के सदस्योंको सत्ता और सरकारी कामकाज से दूर रखें, क्योंकि उनके हस्तक्षेप से विवाद पैदा हो सकते हैं और सरकार की छवि पर असर पड़ सकता है। इसके जवाब में, जोधपुर में एक रैली के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने गहलोत पर परिवारवाद और पुराने मामलों को लेकर तीखा पलटवार किया था। इसके बाद राजस्थान की राजनीति में आदिवासी नेता किरोड़ीलाल मीणा द्वारा अपनी ही सरकार के लिए मुसीबतें खड़ी करने रहने का मुद्दा सबसे संवेदनशील रहा है। फरवरी 2025 में कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के आरोपों से हुई। मीणा ने कहा था कि उनके फोन रिकॉर्ड किए जा रहे हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस पर गहलोत ने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री होने के साथ गृह विभाग भी संभाल रहे हैं। उन्हें सदन में स्पष्ट करना चाहिए था कि किसी मंत्री या विधायक का फोन टैप नहीं किया जा रहा है।
पेपर लीक पर मुख्यमंत्री और गहलोत की जंग
पेपर लीक राजस्थान में बड़ा मुद्दा रहा है। जनवरी 2025 में गहलोत ने भजनलाल सरकार पर आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों की जांच जानबूझकर लंबी खींची जा रही है, ताकि पिछली कांग्रेस सरकार को लगातार निशाने पर रखा जा सके। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि सरकार को जो कार्रवाई करनी है, वह करे। मार्च 2025 में भरतपुर और बीकानेर में मुख्यमंत्री शर्मा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर पेपर लीक के मुद्दे पर निशाना साधा और कहा कि वर्तमान सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। जवाब में गहलोत ने फरवरी 2025 में नवलगढ़ के एक परीक्षा केंद्र पर आरएएस प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र का लिफाफा खुला मिलने और जांच नहीं होने पर सवाल खड़े किए। इस प्रकार पेपर लीक का मुद्दा भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया।
गुजरात में शिविर और गहलोत का संतुलन
दोनों नेताओं के बीच सबसे तीखी व्यक्तिगत बयानबाजी मई 2025 में देखने को मिली। बीजेपी ने अपने सांसदों और विधायकों के लिए गुजरात के केवड़िया में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया था। गहलोत ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजस्थान ने जी-20 जैसे महत्वपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक किए हैं, फिर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश में ही क्यों नहीं हो सकता? मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुजरात से ही जवाब देते हुए कहा कि गहलोत अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा और उनके विचारों से प्रेरणा लेने के लिए केवड़िया जा रहे हैं। गहलोत ने भी पलटवार करने में देर नहीं लगाई। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ और मानसिक रूप से फिट हैं। महात्मा गांधी की तरह वह भी 100 वर्ष तक जीवित रहकर राजस्थान की सेवा करना चाहते हैं। इस प्रकरण में राजनीतिक बहस आयोजन की उपयोगिता से आगे बढ़कर व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंच गई।

‘इंतजार शास्त्र’ बनाम ‘झूठ शास्त्र’
मार्च 2026 में दोनों नेताओं के बीच एक नया राजनीतिक शब्द युद्ध शुरू हुआ। गहलोत ने सोशल मीडिया पर ‘इंतजार शास्त्र’ नाम से सिलसिलेवार पोस्ट लिखकर भजनलाल सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने जयपुर के चार प्रस्तावित सैटेलाइट अस्पतालों सहित कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई कई परियोजनाओं के काम में देरी का मुद्दा उठाया। गहलोत ने विशेष रूप से आगरा और दिल्ली रोड पर प्रस्तावित अस्पतालों के काम को रोकने को जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के समय में अस्पतालों की उपलब्धता जीवन बचाने में महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में अस्पताल परियोजनाओं को रोकना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री शर्मा ने गहलोत के ‘इंतजार शास्त्र’ को ‘झूठ शास्त्र’ करार दिया। उन्होंने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर ट्वीट करने से सरकार नहीं चलती, बल्कि जमीन पर काम करना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हुए पेपर लीक, जल जीवन मिशन और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
राजनीतिक अनुभव बनाम नए नेतृत्व की लड़ाई
पिछले तीन वर्षों के इन घटनाक्रमों को देखें तो गहलोत और भजनलाल शर्मा के बीच राजनीतिक संघर्ष के दो अलग-अलग आयाम दिखाई देते हैं। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि गहलोत जहां अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर वर्तमान सरकार को घेरते हैं, वहीं भजनलाल शर्मा पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता को अपने जवाब का आधार बनाते हैं। वरिष्ठ पत्रकार हरिसिंह राजपुरोहित का कहना है कि गहलोत के लिए विपक्ष में रहते हुए सरकार की कमियां उजागर करना राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है, जबकि मुख्यमंत्री के रूप में भजनलाल शर्मा के सामने अपनी सरकार के कामकाज का बचाव करने और पिछली सरकार के प्रति जवाबदेही तय करने की चुनौती है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार के मुताबिक हालांकि, इस राजनीतिक जंग में कई बार मुद्दों से ज्यादा व्यक्तिगत टिप्पणियां चर्चा में रही हैं। लेकिन राजस्थान की जनता के लिए महत्वपूर्ण सवाल यह है कि इन आरोप – प्रत्यारोपों के बीच रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और विकास जैसे मुद्दों पर कितनी ठोस प्रगति हो रही है। वरिष्ठ पत्रकार महावीर जैन कहते हैं कि आखिरकार लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बयानबाजी से राजनीतिक सुर्खियां जरूर बनती हैं, लेकिन जनता का फैसला आरोपों से नहीं, बल्कि कामकाज और परिणामों से होता है।
-आकांक्षा कुमारी
इसे भी पढ़ेंः Ashok Gehlot: कांग्रेस यह सोचे कि गहलोत जैसे नेता से आगे क्या बचा जा सकता है?
यह भी पढ़िएः Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में दृढ़ता से अपनी ताकत बढ़ाते मुख्यमंत्री भजनलाल

