Delimitation Bill: लोकसभा की सीटें बढ़ने की संभावनाओं ने राजस्थान (Rajasthan) की राजनीति में नए समीकरणों की बिसात बिछा दी है। सियासत संवर रही है, उम्मीदें उछाल मार रही हैं और पार्टियां परवान चढ़ रही है। परिसीमन बिल (Delimitation Bill) को लेकर कई नेता खुश हैं, तो कईयों की सांस सूख रही है। संभावित अनुमानों में प्रदेश की लोकसभा सीटें 25 से बढ़कर 38 और विधानसभा सीटें 200 से बढ़कर 300 तक होने की चर्चा है। आबादी के आधार पर नए निर्वाचन क्षेत्र बनने पर जयपुर, जोधपुर, अलवर, भरतपुर, कोटा और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है। राजस्थान में बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के साथ हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी (RLP) और राजकुमार रोत की पार्टी बीएपी (BAP) के लिए भी नए राजनीतिक अवसर खुलेंगे, लेकिन वोकसबा और विधानसभा की सीटें बढ़ जाना ही अपने आप में जीत की गारंटी नहीं होगा। क्योंकि राजस्थान में परिसीमन केवल सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया नहीं होगी, बल्कि प्रदेश के राजनीतिक प्रभाव, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और चुनावी जीत की रणनीति को नए सिरे से परिभाषित करने वाला बदलाव होगा। संभावित अनुमानों में प्रदेश में लोकसभा की 38 और विधानसभा की 300 तक होने की चर्चा है। हालांकि, ये अभी संभावित आंकड़े हैं, और अंतिम निर्णय परिसीमन आयोग की रिपोर्ट में ही तय होगा।
मतदाता कई गुना बढ़े लेकिन सीटें नहीं
राजस्थान में लोकसभा सीटों का इतिहास देखें तो लोकसभा सीटों का परिसीमन राजस्थान के लिए आबादी के लिहाज से बड़ा बदलाव होगा। बदलाव का विश्लेषण करते हुए राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि सन 1951 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में कुल 20 सीटें थीं। तब पूरे राजस्थान में कुल 76,76,419 मतदाता थे और प्रति लोकसभा सीट औसत 3 लाख 80 हजार मतदाता थे। लेकिन वर्तमान में 254 लोकसभा सीटें हैं और प्रति लोकसभा सीट मतदाता 22 लाख के आसपास हैं। सन 1957 में लोकसभा सीटों की संख्या 22 हुई और उसके बाद 1967 में 23 हुई। सन 1977 के परिसीमन में ये सीटें बढ़कर 25 हो गई। इसके बाद बीते लगभग 50 साल में राजस्थान में लोकसभा सीटों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई। सन 2008 में हुए परिसीमन में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं जरूर बदली गईं, लेकिन सीटें 25 ही रहीं। परिहार कहते हैं कि 2024 में मतदाताओं की संख्या 5.35 करोड़ से अधिक पहुंच गई है। अब एक लोकसभा सीट पर औसतन 21.40 लाख मतदाता हैं। यानी शुरुआती चुनावों के मुकाबले प्रति सीट मतदाताओं का भार लगभग आठ गुना हो चुका है, जबकि सीटें केवल 20 से 25 हुई हैं। राजनीतिक विश्लेषक परिहार के मुताबिक यही अंतर राजस्थान में नए परिसीमन की सबसे बड़ी वजह और राजनीतिक बहस का आधार बनेगा।

कहां बढ़ सकता है राजनीतिक प्रतिनिधित्व?
अगर आबादी के अनुपात में सीटें बढ़ती हैं तो जयपुर, जोधपुर, अलवर, भरतपुर, कोटा और जोधपुर जैसे तेजी से बढ़ते शहरी एवं आबादी वाले क्षेत्रों में निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन संभव है। जयपुर के आसपास शहरी विस्तार, अलवर में औद्योगिक एवं आबादी वृद्धि और भरतपुर क्षेत्र की जनसंख्या संरचना नए निर्वाचन क्षेत्र बनाने की मांग मजबूत कर सकती है। संभावित नए क्षेत्रों का निर्माण मौजूदा सीटों को विभाजित करके भी हो सकता है। इससे बड़े निर्वाचन क्षेत्रों का आकार घटेगा, सांसदों की स्थानीय पहुंच बढ़ेगी और स्थानीय नेताओं को संसद तक पहुंचने का नया अवसर मिलेगा। लेकिन राजनीतिक फायदा केवल सीट बढ़ने से नहीं, बल्कि सीमाओं के निर्धारण से तय होगा। यदि किसी मौजूदा सीट के जातीय, ग्रामीण और शहरी वोट बैंक अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में बंट जाते हैं, तो वर्षों से स्थापित राजनीतिक समीकरण भी टूट सकते हैं।
बीजेपी और कांग्रेस के लिए बड़ा अवसर
राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के पास प्रदेशव्यापी संगठन, उम्मीदवारों की बड़ी संख्या और चुनाव लड़ने का अनुभव है। नई सीटें बनने पर दोनों दलों को नए उम्मीदवार उतारने और क्षेत्रीय नेतृत्व को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। बीजेपी को जयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर और शहरी विस्तार वाले क्षेत्रों में नए निर्वाचन क्षेत्रों से लाभ मिलने की संभावना हो सकती है, जहां उसका संगठन और शहरी मतदाता आधार मजबूत है। कांग्रेस के लिए ग्रामीण क्षेत्रों, किसान बहुल इलाकों, परंपरागत सामाजिक समीकरणों और स्थानीय नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों में नए अवसर खुल सकते हैं। हालांकि, सीटों का बढ़ना दोनों दलों के लिए टिकट वितरण की चुनौती भी बढ़ाएगा। पुराने नेताओं के निर्वाचन क्षेत्र विभाजित होने पर नए समीकरण बनेंगे और कई नेताओं को अपनी राजनीतिक जमीन दोबारा तैयार करनी पड़ सकती है।

आरएलपी और बीएपी को भी फायदा
परिसीमन का सबसे दिलचस्प पहलू क्षेत्रीय दलों के लिए अवसर है। हनुमान बेनीवाल की आरएलपी का प्रभाव मारवाड़ और किसान राजनीति से जुड़े क्षेत्रों में रहा है। हाल ही में उनके 24 प्रधान चुने गए हैं, जो नागौर, डीडवाना, जयपुर, बालोतरा, बाड़मेर और जोधपुर में जीते हैं, और यदि इन क्षेत्रों में नए निर्वाचन क्षेत्र बनते हैं और स्थानीय प्रभाव वाले नेताओं को अवसर मिलता है, तो आरएलपी कुछ सीटों पर अपना प्रभाव बढ़ा सकती है। बड़े निर्वाचन क्षेत्र छोटे होने से स्थानीय मुद्दों और मजबूत उम्मीदवारों की भूमिका बढ़ सकती है, जो आरएलपी के लिए अनुकूल हो सकता है। इसी तरह राजकुमार रोत की भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के लिए दक्षिण राजस्थान विशेषकर उदयपुर, सलूंबर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में नए निर्वाचन क्षेत्र राजनीतिक अवसर पैदा कर सकते हैं। रोत समर्थकों ने इन्हीं इलाकों में कुल 19 पंचायत समितियों में जीत कर अपने प्रधान जिताए हैं। आदिवासी आबादी के प्रतिनिधित्व और स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर बीएपी अपना आधार विस्तार कर सकती है। लेकिन बीजेपी और कांग्रेस के विपरीत, क्षेत्रीय दलों के सामने संगठन और संसाधनों की चुनौती रहेगी। नई सीटें अवसर तो देंगी, पर उन अवसरों को जीत में बदलने के लिए मजबूत उम्मीदवार और बूथ स्तर का नेटवर्क जरूरी होगा।
राहुल गांधी क्यों परिसीमन बिल के विरोध में
भारतीय राजनीति में आलोचकों तथा विपक्षी दलों द्वारा अक्सर यह चिंता जताई जाती है कि परिसीमन आयोग के गठन या सीमाओं के पुनर्निर्धारण से भौगोलिक और जनसांख्यिकीय विभाजन के जरिए राजनीतिक संतुलन प्रभावित हो सकता है। क्योंकि चुनाव क्षेत्रों का परिसीमन आम तौर पर सत्ताधारी पार्टी जातिगत व भौगोलिक इलाकों का विभाजन करके ही होती है, ताकि सत्ताधारी दल को लाभ हो। हालांकि चुनाव क्षेत्रों का परिसीमन सीधे तौर पर किसी सत्ताधारी पार्टी द्वारा नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र और उच्चाधिकार प्राप्त संवैधानिक निकाय ‘परिसीमन आयोग’ द्वारा किया जाता है। फिर भी राहुल गांधी परिसीमन बिल के विरोध में हैं। उनमका कहना है कि यह लोकतंत्र की हत्या है। राहुल गांधी का कहना है कि 850 सीटें करने के पीछे वास्तविक उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को सत्तारूढ़ दल के अनुकूल दोबारा तैयार करने से है। राहुल गांधी का आरोप है कि इससे सरकार अपने हिसाब से राजनीतिक बदलाव ला सकती है और भारतीय लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा सकती है।
परिसीमन का मतलब सत्ता के नए समीकरण
राजस्थान में परिसीमन का असली प्रभाव सीटों की संख्या से ज्यादा उनके भूगोल में दिखाई देगा। कौन सा क्षेत्र किस सीट में जाएगा, कौन सा जिला विभाजित होगा, किस सीट का आरक्षण बदलेगा और किन सामाजिक समूहों का वोट एक साथ या अलग-अलग होगा—यही तय करेगा कि नए नक्शे से किस पार्टी को लाभ होगा। इसलिए परिसीमन बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबले को समाप्त नहीं करेगा, बल्कि उसे नए क्षेत्रों में फैलाएगा। साथ ही आरएलपी और बीएपी जैसे क्षेत्रीय दलों के लिए भी सीमित लेकिन निर्णायक सीटों पर प्रभाव बढ़ाने का रास्ता खोल सकता है। राजस्थान का अगला चुनाव केवल उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि बदले हुए निर्वाचन क्षेत्र और नए राजनीतिक भूगोल के बीच मुकाबला भी हो सकता है।
– राकेश दुबे (वरिष्ठ पत्रकार)
इसे भी पढ़ेंः Jagan Gurjar: राजस्थान में जातिवाद और अपराधियों का महिमामंडन, क्यों बनते हैं अपराधी जातीय नायक?
यह भी देखेंः Women Reservation Bill: महिला आरक्षण मुद्दे पर नीयत की परीक्षा और सियासत का पर्दाफाश

