
(Sr. Journalist)
Rajasthan Panchayat Election Results: राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव में बीजेपी (BJP) को करारी मात देने के तत्काल बाद प्रधान (Pradhan) चुनाव में भी कांग्रेस (Congress) ने अपना दबदबा दिखाया। प्रदेश की 419 पंचायत समितियों (Panchayat Samiti) में कांग्रेस ने 255 प्रधान बनाए। बीजेपी 105 पर सिमट गई। कांग्रेस और बीजेपी के बीच 150 प्रधानों का फासला कोई मामूली राजनीतिक झटका नहीं है। इसे ग्रामीण सत्ता के समीकरणों में बड़ा बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह तो भला हो चुनाव आयोग का कि राजस्थान में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव राजनीतिक दलों के चिह्न पर नहीं लड़े जाते हैं, वरना राज्य सत्ता-विरोधी लहर की तस्वीर कुछ ज्यादा ही खतरनाक होती। पंचायती राज चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी के रणनीतिकारों पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण जनादेश ने 2028 की राजनीति के लिए संकेत तो दिए हैं, लेकिन कांग्रेस के सामने नेतृत्व की एकजुटता और बूथ प्रबंधन की बड़ी चुनौती है। लोगों के बीच चर्चा है कि राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों (Rajasthan Panchayat Election Results) के बाद राजस्थान में अगले विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन तय है, लेकिन चर्चा यह भी है कि उससे पहले बीजेपी में सत्ता और संगठन दोनों में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है।

सवालों के घेरे में सीएम भजनलाल और मदन राठौड़
राजस्थान की ग्रामीण राजनीति ने पंचायती राज चुनावों में जिला प्रमुखों और प्रधानों के चुनावी नतीजों के जरिए सियासी तापमान बढ़ा दिया। कांग्रेस ने ग्रामीण सत्ता के गलियारों में अपनी मजबूत वापसी दर्ज कराई। यह केवल प्रधानों की कुर्सियों का गणित नहीं है। यह सत्तारूढ़ बीजेपी के लिए चेतावनी है। कांग्रेस के लिए संजीवनी। और राजस्थान की आगामी विधानसभा राजनीति के लिए एक अहम संकेत। बीजेपी में ही सवाल पूछे जा रहे हैं कि आखिर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ सत्ता, संगठन और हर ताकत के बावजूद पार्टी को जिता क्यों नहीं सके। आखिर जिला प्रमुख चुनाव के बाद पंचायत समिति प्रधानों के निर्वाचन में भी बीजेपी को अपेक्षित सफलता क्यों नहीं मिली।
बेनीवाल और रोत ने भी जिताए अपने अपने लोग
राजस्थान में 27 नवंबर 2026 को 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के प्रधान पदों के लिए चुनाव हुए। जिनमें से कांग्रेस ने 255 प्रधान बनाए। लेकिन बीजेपी केवल 105 पर ही रह गई। किसान नेता और सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के 24 प्रधान जीते, और आदिवासी नेता सांसद राजकुमार रोत की भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) को 14 प्रधानों सहित निर्दलीयों को 19 प्रधान पद मिले। माकपा ने 2 समितियों में जीत दर्ज की। अभी 4 जिलों में चुनाव बाकी है, वहां के नतीजे क्या होंगे, यह वर्तमान तस्वीर को देख कर अनुमान लगाया जा सकता है।
बीजेपी में मायूसी, तो कांग्रेस में आत्मविश्वास
बीजेपी के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि पंचायती राज चुनावों में हार केवल कमजोर इलाकों तक सीमित नहीं रही। कई ऐसे क्षेत्र भी हाथ से निकल गए, जहां पार्टी संगठन और सत्ता की ताकत के भरोसे जीत की उम्मीद लगाए बैठी थी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सांगानेर क्षेत्र में आरएलपी ने प्रधान बनाया। सीकर में कांग्रेस ने 16 में से 15 पंचायत समितियों पर कब्जा जमाया। झुंझुनू में 14 में से 12 प्रधान कांग्रेस के बने। जैसलमेर में 10 में से नौ समितियों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। बीजेपी के लिए यह परिणाम केवल सीटों का नुकसान नहीं। संगठनात्मक कमजोरी का आईना भी है। सवाल उठ रहे हैं कि सत्ता में रहते हुए पार्टी ग्रामीण मतदाता से संवाद क्यों नहीं बना सकी? मंत्रियों, विधायकों और स्थानीय नेताओं की सक्रियता आखिर मतों में क्यों नहीं बदल सकी? क्या प्रत्याशी चयन में चूक हुई? क्या स्थानीय समीकरणों को समझने की कोशिश ही नहीं हुई? या कार्यकर्ताओं की नाराजगी मतदान तक पहुंच गई?

बीजेपी में आखिर हार का ठीकरा किसके सिर?
राजनीतिक विश्लेषण में बीजेपी की हार के पीछे स्थानीय असंतोष, सरकार के कामकाज को लेकर शिकायतें, संगठनात्मक सुस्ती, प्रत्याशी चयन और नेताओं के बीच समन्वय की कमी जैसे कारण चर्चा में हैं। बेरोजगारी, महंगाई और ग्रामीण स्तर पर अपेक्षाओं के पूरा न होने का मुद्दा भी कांग्रेस ने जोरदार ढंग से उठाया। देश के जाने माने संपादक प्रदीप सिंह कहते हैं कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए यह चुनाव राजनीतिक परीक्षा बन गया, जिसमें वे पूरी तरह से फेल रहे हैं। प्रदीप सिंह कहते हं कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की नाराजगी और प्रदेश नेतृत्व की समीक्षा बैठकों ने इस हार को सामान्य चुनावी घटना से आगे बढ़ा दिया है। बीजेपी की करारी हार पर राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार का कहना है कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ के कमजोर नेतृत्व को भी सवाल सहने पड़ रहे है। परिहार कहते हैं कि हालांकि मदन राठौड़ पहले ही चुनावी हार की जिम्मेदारी स्वीकार कर चुके हैं। लेकिन अब सिर्फ समीक्षा होगी या संगठनात्मक बदलाव होंगे, इस पर सबकी नजर है।
गहलोत और डोटासरा सहित कांग्रेस की सक्रियता
कांग्रेस के लिए यह जीत उत्साह का अवसर है। कांग्रेस नेताओं ने इसे विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए सेमीफाइनल जैसी राजनीतिक चुनौती बताया है। दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए जनादेश को सरकार के खिलाफ ग्रामीण असंतोष का संकेत बताया। गोविंद सिंह डोटासरा ने चुनाव परिणामों को बीजेपी के अहंकार पर चोट करार दिया और मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की। सचिन पायलट भी बीजेपी सरकार पर हमलावर रहे हैं। राजस्थान की राजनीति के जानकार चुनाव विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि भले ही कांग्रेस पार्टी के लिए यह मौका है कि वह जीत के उत्साह से लबरेज है, लेकिन क्या वह नेतृत्व की एकता के साथ इस जीत को संगठनात्मक मजबूती में बदल सकेगी, यही सबसे बड़ा सवाल है। लेकिन

कांग्रेस जीती, लेकिन असली परीक्षा बाकी
राजस्थान की राजनीति पर पैनी नजर रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन के मुताबिक पंचायत समिति चुनावों में बीजेपी का वर्तमान मत प्रतिशत 1995 के बाद सबसे कम है। बीजेपी के मत प्रतिशत में गिरावट और कांग्रेस के मत प्रतिशत में अपेक्षाकृत स्थिरता बताती है कि तीसरी राजनीतिक शक्तियों और निर्दलीयों के लिए भी ग्रामीण राजस्थान में स्पेस बना हुआ है! कुछ जानकारों का मानना है कि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चिंता अब अपनी एकजुटता की है। क्या यह जीत गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करेगी? क्या नेता एक मंच पर रहेंगे? क्या बूथ स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय होंगे? क्या पंचायतों में मिली सफलता को विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी राजनीतिक आधार बनाया जा सकेगा? कांग्रेस के पास उत्साह है और जनादेश है। और ग्रामीण राजनीति में बढ़त भी है। लेकिन बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क, स्थानीय नेतृत्व और आपसी समन्वय में सुधार किए बिना इस जीत को विधानसभा चुनाव की गारंटी मानना जल्दबाजी होगी।
विधानसभा चुनाव की आहट या कुछ और?
पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव का सीधा पूर्वानुमान नहीं होते। स्थानीय उम्मीदवार, जातीय समीकरण, व्यक्तिगत प्रभाव और क्षेत्रीय मुद्दे परिणामों को प्रभावित करते हैं। लेकिन जब सत्तारूढ़ दल को ग्रामीण स्तर पर इतना बड़ा झटका मिलता है, तो उसे राजनीतिक संकेत मानना स्वाभाविक है। बीजेपी के लिए अब आत्ममंथन का समय है। कांग्रेस के लिए आत्मविश्वास के साथ संगठन खड़ा करने का। ग्रामीण राजस्थान ने अपना संदेश दे दिया है। इस संदेश को जयपुर की सत्ता कितनी गंभीरता से पढ़ती है और कांग्रेस इसे कितनी दूर तक भुना पाती है, यही आने वाले समय की राजनीति का सबसे दिलचस्प अध्याय होगा। पंचायतों ने कांग्रेस को उम्मीद दी है और बीजेपी को चेतावनी। मगर 2028 की राह केवल जीत के जश्न से नहीं, संगठन की मजबूती, नेतृत्व की जवाबदेही और जनता के भरोसे से तय होगी।
-
राकेश दुबे
Related Matter: Zila Pramukh: चार बालाएं, चारों जिला प्रमुख और चारों राजस्थान में नई पीढ़ी की उम्मीद

