Ramlila Maidan Railly: नई दिल्ली का ऐतिहासिक रामलीला मैदान 1 नवंबर 2026 को एक बार फिर सियासत के तूफान का गवाह बना। नारों की गूंज थी, भाषणों में तल्खी थी और निशाने पर थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की सरकार। एक तरफ विपक्ष की रैली थी, तो दूसरी तरफ बीजेपी ने कांग्रेस की रैली का तारीख को लेकर सवाल उठाया, रैली निकाली और इंदिरा गांधी की मौत के बाद दिल्ली के सिख दंगों में हुए मौत के मंजर को लोगों को याद दिलाया। रामलीला मैदान रैली (Ramlila Maidan Railly) के जरिए इंडी गठबंधन की ओर से अपने स्तर का सियासी शक्ति प्रदर्शन करके सत्ता के गलियारों तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश हुई। रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) के मंच से किसी ने चुनाव आयोग (Election Commission) की निष्पक्षता पर सवाल उठाए, किसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को कठघरे में खड़ा किया, तो किसी ने ‘वोट चोरी’ (Vote Chori) के आरोपों के बहाने लोकतंत्र की बुनियाद पर चोट की बात कही और किसी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग की। । विपक्ष के लिए यह महज एक रैली नहीं, बल्कि सत्ता से सवाल पूछने और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता के लिए सड़क पर उतरी सियासी जंग थी। उधर, बीजेपी (BJP) ने भी पलटवार में कोई लिहाज नहीं रखा। विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताया, रैली को फ्लॉप शो करार दिया और कांग्रेस समेत इंडी गठबंधन की मंशा पर ही सवाल खड़े कर दिए। बीजेपी ने दिल्ली में रैली निकालकर 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिखों पर हुए नरसंहार को याद दिलाया। कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में रामलीला मैदान में उस दिन सिर्फ भाषण नहीं हुए, बल्कि आरोपों और जवाबों के बीच सियासत की एक नई पटकथा भी लिखी गई। अब सवाल यही है कि क्या इस मैदान से उठी विपक्ष की हुंकार मोदी सरकार (Modi Government) के लिए कोई बड़ी राजनीतिक चुनौती बनेगी, या फिर यह भी भारतीय राजनीति के शोरगुल में उठी एक आवाज बनकर रह जाएगी?

राहुल गांधी का सीधा हमला, मोदी-शाह को दी चुनौती
रैली का सबसे आक्रामक चेहरा कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रहे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में बदलाव और नामों को हटाने की प्रक्रिया के जरिए करोड़ों नागरिकों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई के बाद मोदी और शाह की जवाबदेही तय करने की लड़ाई भी आगे बढ़ेगी। उन्होंने कथित वोट चोरी को लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों पर हमला बताया। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि किसान, युवा और मजदूर अपने अधिकारों से वंचित हैं और देश की संपत्ति कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में केंद्रित होती जा रही है। उनके भाषण का केंद्रीय संदेश यही था कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता के बिना लोकतंत्र की मजबूती संभव नहीं है।

खड़गे, ममता और अखिलेश ने भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली में विपक्षी एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है। खड़गे ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष अपना आंदोलन जारी रखेगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विपक्षी नेताओं का साझा आरोप था कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी भी नागरिक का नाम बिना उचित प्रक्रिया और पर्याप्त सूचना के मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। विपक्ष ने इस आंदोलन को किसी एक राजनीतिक दल की लड़ाई के बजाय नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का अभियान बताया।
आखिर एसआईआर पर इतना विवाद क्यों?
पूरे राजनीतिक विवाद के केंद्र में चुनाव आयोग की एसआईआर अर्थात विशेष गहन पुनरीक्षण है, जिसे अग्रेजी में सेपेशल इंटेंसिव रीविजन प्रक्रिया कहा जाता है। चुनावी मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस प्रक्रिया में पिछले वर्ष से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने की खबरें सामने आई हैं। चुनाव आयोग सहित कुछ अधिकारिक रिपोर्टों के मुताबिक हटाए गए नामों में मृत मतदाताओं, दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके लोगों और सत्यापन में नहीं मिल पाए मतदाताओं की बड़ी संख्या शामिल है। विपक्ष का आरोप है कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है और इसका असर अल्पसंख्यकों तथा कमजोर वर्गों के मतदाताओं पर पड़ सकता है। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। हालांकि, चुनाव आयोग ने राजनीतिक पक्षपात के आरोपों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए पुनरीक्षण आवश्यक है। जिन पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने का अवसर भी उपलब्ध है।

बीजेपी बोली, रैली फ्लॉप, विपक्ष फैला रहा भ्रम
विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन के बीच बीजेपी ने भी उसके खिलाफ खथुल कर मोर्चा खोल दिया। पार्टी प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने रैली को फ्लॉप शो बताते हुए दावा किया कि कांग्रेस नेताओं ने दस लाख लोगों के जुटने का दावा किया था, लेकिन मैदान का बड़ा हिस्सा खाली रहा। सांसद पात्रा ने कहा कि रामलीला मैदान की क्षमता ही इतनी नहीं है, जितने लोगों की वहां उपस्थिति का दावा किया जा रहा है, ऊपर से आधा मैदान तो कवरअप किया हुआ ता, और रैली में केवल 50 हजार लोग भी नहीं थे, हजारों कुर्सियां खाली रहीं। बीजेपी प्रवक्ता पात्रा ने राहुल गांधी से सवाल किया कि यदि 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताया जा रहा है तो इसके खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया में कौन-सी याचिका दायर की गई है? बीजेपी ने विपक्ष पर चुनावी हार को स्वीकार नहीं कर पाने और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी विपक्ष की रैली को राजनीतिक अराजकता पैदा करने की कोशिश बताया। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव आयोग की वैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाना चाहता है।
सिख विरोधी 1984 के दंगों की बरसी पर रैली
बीजेपी ने रैली की तारीख को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। आरोप लगाया कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के दिन इस तरह का राजनीतिक आयोजन सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। बीजेपी ने भी इस मुद्दे पर दिल्ली में रैली निकालकर 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उपजे दंगों में सिखों पर हुए नरसंहार को याद दिलाया। इसके अलावा बीजेपी ने दिल्ली के कारोबारी क्षेत्रों में रैली के कारण व्यापार प्रभावित होने और छोटे दुकानदारों को परेशानी होने का मुद्दा भी उठाया। राहुल गांधी ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि दिल्ली में दुकानों को बंद कराने के लिए बीजेपी जिम्मेदार है। इस तरह रैली का राजनीतिक विवाद चुनावी निष्पक्षता से आगे बढ़कर 1984 के दंगों, कारोबारी हितों और राजनीतिक नैतिकता तक पहुंच गया। सिख दंगों की बरसी पर रैली और दीपावली के मौके पर रैली से होने वाले व्यापारियों के नुकसान के इन आरोपों का कांग्रेस के लिए बचाव आसान नहीं था।
विपक्ष की एकजुटता और विश्वसनीयता चुनौती
विपक्ष चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ साझा राजनीतिक मंच तैयार करने की कोशिश में है, रामलीला मैदान की रैली ने यह जरूर दिखाया। लेकिन इस आंदोलन की सफलता केवल बड़े नेताओं के भाषणों या भीड़ की संख्या से तय नहीं होगी। विपक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने आरोपों को ठोस दस्तावेजों और प्रमाणों के साथ जनता के सामने रखना है। दूसरी तरफ बीजेपी और चुनाव आयोग के सामने भी मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने की जिम्मेदारी है। राजनीतिक रूप से देखें तो यह लड़ाई अब केवल मोदी सरकार बनाम विपक्ष नहीं रह गई है। इसके केंद्र में चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मतदाता का अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता जैसे बड़े सवाल हैं। रामलीला मैदान में विपक्ष ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है। बीजेपी ने भी पलटवार में कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन इस राजनीतिक संग्राम का असली फैसला मंचों पर लगे नारों से नहीं, बल्कि तथ्यों, संवैधानिक जवाबदेही और जनता के विश्वास से होगा।
इसे भी देखेंः Rahul Gandhi vs Abhijit Dipke: सत्ता विरोध में राहुल गांधी की बराबरी में दिपके की चर्चा क्यों?
यह भी पढ़िएः Congress: राहुल गांधी नई पीढ़ी पर भरोसा करे और कांग्रेस को मजबूत करे, लेकिन…!

