Narendra Modi Video Message: देश में पेपर लीक (Paper Leak) जैसी घटनाएं केवल एक परीक्षा को प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों, परिवारों की उम्मीदों और व्यवस्था पर भरोसे को भी गहरी चोट पहुंचाती हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) द्वारा पेपर लीक के मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर दंड की व्यवस्था का संकेत देना केवल प्रशासनिक घोषणा नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि शिक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के प्रति सरकार अब अधिक कठोर रुख अपनाना चाहती है। छात्रों के नाम जारी आंदोलन में असामाजिक तत्वों द्वारा अराजक हरकतें करने के बाद पुलिस के बल प्रयोग और उसके बाद उपजी स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई की आधी रात को जारी अपने वीडियो संदेश में स्पष्ट कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य अपराध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि दोषियों की गिरफ्तारी, विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष बचाने के लिए कम समय में पुनर्परीक्षा आयोजित करने और शीघ्र परिणाम घोषित करने जैसे कदम उठाए गए हैं। साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा के प्रावधानों की दिशा में पहल का उल्लेख इस बात का संकेत माना जा रहा है कि सरकार इस अपराध को केवल प्रशासनिक त्रुटि नहीं, बल्कि संगठित अपराध के रूप में देख रही है।
पीएम मोदी ने जारी अपने संदेश में जो कहा…
मित्रों, मैं जानता हूँ कि पेपर लीक ये कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों विद्यार्थी और उनके अभिभावकों के लिए बहुत ही पीड़ादायक है। और इसलिए पेपर लीक घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में अनेक कड़े कदम उठाए गए हैं, गुनहगारों को पकड़ा गया है, वे जेल में हैं।हमारी जिम्मेदारी थी कि छात्रों का साल बर्बाद न हो, इसलिए कम से कम समय में 22 लाख जितने विद्यार्थियों के एग्जाम हो जाए इसका प्रबंध किया। और अभी पांच-छह दिन पहले 19 तारीख को रिजल्ट भी आ गया। और देश भर में उत्तीर्ण हो गए विद्यार्थियों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं।लेकिन हम वहां पर संतोष मानने वाले लोगों में से नहीं हैं। और इसलिए मैंने आज फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए थे। आज विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात मुझे मसौदा (ड्राफ्ट) भी दे दिया है। इसमें फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान हैं।”

सरकार के इस फैसले का, स्वागत होना चाहिए
देश के जाने माने वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक प्रदीप सिंह का मानना है कि पेपर लीक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई का स्वागत होना चाहिए, क्योंकि इससे ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ निवारक प्रभाव पड़ सकता है। प्रदीप सिंह कहते हैं कि यदि मामलों का वर्षों तक न्यायालयों में लंबित रहना बंद हो और दोषियों को समयबद्ध सजा मिले, तो शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार मानते हैं कि किसी भी छात्र आंदोलन को उसकी मूल भावना और उसमें शामिल असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के बीच स्पष्ट अंतर करना आवश्यक है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी मांग रखने और शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। लेकिन परिहार यह भी कहते हैं कि जब किसी आंदोलन की आड़ में अराजक तत्वों द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाए, पुलिस पर हमला किया जाए, हिंसा या अराजकता फैलाई जाए अथवा सामान्य जनजीवन बाधित किया जाए, तब वह लोकतांत्रिक विरोध की सीमा से बाहर चला जाता है और कानून-व्यवस्था की चुनौती बन जाता है। उनका कहना है कि सरकार के काम करने के अपने तरीके होते हैं तथा
राजनीतिक विश्लेषकों के मत भी अलग-अलग
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार हाल के वर्षों में कई आंदोलनों में यह आरोप सामने आया है कि कुछ असामाजिक या अवसरवादी तत्व भीड़ का लाभ उठाकर तनाव और हिंसा फैलाने की कोशिश करते हैं। हालांकि विपक्ष की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक विश्लेषकों के बीच अलग-अलग मत हैं। वरिष्ठ पत्रकार आदेश रावल का कहना है कि विपक्ष का दायित्व है कि वह सरकार से जवाबदेही मांगे, परीक्षा प्रणाली की कमियों को उजागर करे और प्रभावित छात्रों की आवाज उठाए। वहीं वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव का मत है कि यदि कोई राजनीतिक दल ऐसे आंदोलनों में हिंसक या अराजक गतिविधियों का प्रत्यक्ष या परोक्ष समर्थन करता हुआ दिखाई देता है, तो इससे लोकतांत्रिक विमर्श कमजोर होता है और वास्तविक छात्र हित पीछे छूट जाते हैं। उनका मानना है कि छात्र असंतोष को राजनीतिक लाभ के साधन के बजाय संस्थागत सुधारों की दिशा में मोड़ना अधिक रचनात्मक दृष्टिकोण होगा। वरिष्ठ पत्रकार संदीप शुक्ला कहते हैं कि ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन की भूमिका कठिन हो जाती है, क्योंकि एक ओर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा करनी होती है, तो दूसरी ओर हिंसा और अव्यवस्था को भी रोकना पड़ता है। वरिष्ठ पत्रकार राकेश दुबे का मत है कि यदि कहीं हिंसा होती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह भी होनी चाहिए।
छात्रों का भविष्य किसी भी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से बड़ा
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश इसी संदर्भ में कानून के शासन पर बल देता हुआ दिखाई देता है। उनका जोर केवल दोषियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि त्वरित न्याय और कठोर दंड की व्यवस्था पर भी है। यदि इन घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होता है, जांच निष्पक्ष रहती है और दोषियों को समयबद्ध सजा मिलती है, तो यह शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा सकती है। अंततः पेपर लीक का समाधान केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में नहीं, बल्कि मजबूत परीक्षा प्रणाली, तकनीकी सुरक्षा, पारदर्शी जांच, त्वरित न्याय और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संवाद में निहित है। छात्रों का भविष्य किसी भी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से बड़ा है। इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि सरकार, विपक्ष, प्रशासन और समाज—सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि युवाओं के सपनों पर किसी भी प्रकार के अपराध, हिंसा या अराजकता की छाया न पड़ने पाए।
-
आकांक्षा कुमारी
इसे भी पढ़िएः CJP Protest: सियासत सोख लेती है आंदोलन की आग, नेता निखरते हैं, आंदोलन मरते हैं!
यह भी देखेंः Amit Shah: चुनावी रणनीति के चतुर चाणक्य अमित शाह की असलियत…!

