Close Menu
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • सत्ता- सियासत
  • व्यक्ति विशेष
  • समाज – संस्कृति
  • कारोबार
  • ग्लैमर
  • वीडियो
  • प्रेस रिलीज़
Facebook X (Twitter) Instagram
ट्रेंडिंग:
  • Rajasthan Congress: …मतलब यह है कि राजस्थान कांग्रेस में खेल अभी बाकी है मेरे दोस्त!
  • Vasundhara Raje: फर्जी चिट्ठी, सियासत का सच और वसुंधरा राजे का नाम
  • Rajendra Singh Rathore: अपनी चमक बचाकर रखने में माहिर राजस्थान के राजेंद्र राठौड़
  • Rajasthan Refinery: लपटों ने लपेटा, तो विकास के बजाय बहस का केंद्र बन गई रिफाइनरी
  • Women Reservation Bill: महिला आरक्षण मुद्दे पर नीयत की परीक्षा और सियासत का पर्दाफाश
  • Health:महानगरों में जिंदगी गुलजार लेकिन इलाज बेहद महंगा, स्वास्थ्य सम्हालिए हुजूर…!
  • Asha Bhosle: दिल अभी भरा नहीं… मगर अलविदा कह गईं आशा भोसले
  • Ashok Gehlot: एनएसयूआई से लेकर अब तक हर दौर में प्रासंगिक रहे हैं गहलोत
25th April, Saturday, 6:11 PM
Facebook X (Twitter) Instagram
Prime Time BharatPrime Time Bharat
  • होम
  • देश-प्रदेश
  • सत्ता- सियासत
  • व्यक्ति विशेष
  • समाज – संस्कृति
  • कारोबार
  • ग्लैमर
  • वीडियो
  • प्रेस रिलीज़
Prime Time BharatPrime Time Bharat
Home»देश-प्रदेश»KN Panikkar: वैचारिक दारिद्रय के दौर में शोकगीत एक असाधारण इतिहासकार केएन पणिक्कर का
देश-प्रदेश 6 Mins Read

KN Panikkar: वैचारिक दारिद्रय के दौर में शोकगीत एक असाधारण इतिहासकार केएन पणिक्कर का

Prime Time BharatBy Prime Time BharatMarch 10, 2026No Comments
WhatsApp Facebook Twitter Pinterest LinkedIn Reddit Tumblr Email
KN Panikkar Historian Prime Time Bharat
KN-Panikkar-Historian-Prime-Time-Bharat
Share
WhatsApp Facebook Twitter LinkedIn Pinterest Email

KN Panikkar: जयपुर में पचास और साठ के दशक में चाय की दुकानों पर चलने वाली बहसें, विभागीय गलियारों में उठते सवाल, इतिहास (History) को राजाओं की गाथा से निकालकर आम लोगों की कथा बनाने की बेचैनी….. एक नया माहौल बना देने वाले केरल (Keralam) के एक विद्यार्थी ने राजस्थान (Rajasthan) में आ कर यहां इतिहास में एमए किया और फिर पीएचडी और जयपुर (Jaipur) में चाय की कई थड़ियों को ही इतिहास बोध का केंद्र बना दिया और वह भी आज जैसा चंडूखाना इतिहास नहीं, गहन यथार्थपरक और लोकोन्मुखी इतिहास-बोध। यह कोई और नहीं, राजस्थान विश्वविद्यालय (University of Rajasthan) में पढ़े केएन पणिक्कर (KN Panikkar) ही थे, जिनका निधन हो गया है और इतिहास शिक्षण की जानकारी रखने वाले बौद्धिक लोग गहन दु:ख में डूबे हैं। पणिक्कर ने उस दौर में आम विद्यार्थी और शिक्षकों तक को “पीपुल्स हिस्ट्री” की ओर उन्मुख किया। वे छात्रों से कहा करते थे कि इतिहास केवल किताबों में नहीं मिलता, वह सुदूर इलाकों, खेतों, मजदूरी वाले इलाकों में काम करते लोगों की कहानियों में बसता है। यही वह वाक्य है, जिसमें उनके पूरे इतिहास-बोध का बीज छिपा हुआ दिखाई देता है।

Table of Contents

Toggle
  • राजस्थान विश्वविद्यालय से निकला एक नायाब हीरा
  • केरल से राजस्थान आए, तो यहीं के होकर रह गए
  • स्वतंत्र विचारों के प्रोत्साहक व मूल्यों के मसीहा
  • राजस्थान विश्वविद्यालय को भी भीतर झाँकना चाहिए
  • राजनीति और राजनेताओं को शर्म तक नहीं आती
          • -त्रिभुवन (लेखक राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार हैं)

राजस्थान विश्वविद्यालय से निकला एक नायाब हीरा

दरअसल, कभी-कभी विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां नहीं देते; वे समय को एक चेहरा देते हैं, विचार को एक स्वर देते हैं और राष्ट्र को एक ऐसा मस्तिष्क देते हैं, जिसकी रोशनी बहुत दूर तक जाती है। राजस्थान विश्वविद्यालय ने भी कभी ऐसा ही एक नायाब हीरा देश को दिया था केएन पणिक्कर। वे यहाँ आए, इतिहास में एमए किया, पीएचडी की, यहीं इतिहास पढ़ाया, यहीं प्रेम किया, विवाह बंधन में बंधे और फिर आगे चलकर जेएनयू जैसे संस्थान में पहुँचे तो भारतीय इतिहास-लेखन की दुनिया में एक असाधारण नाम बन गए। यह केवल एक व्यक्ति की शैक्षणिक यात्रा नहीं थी; यह जयपुर की मिट्टी, राजस्थान के अभिलेखागार, उसकी बहसों, उसके किलों, उसके लोक-स्मृति संसार, उसके किसान आंदोलनों, सामंतवाद के ख़िलाफ़ आम किसानों नागरिकों के संघर्ष और उसके बौद्धिक ताप का एक अद्भुत प्रस्फुटन था। पणिक्कर की प्रारंभिक शिक्षा केरल के पालक्कड़ स्थित गवर्नमेंट विक्टोरिया कॉलेज में हुई थी, पर उनके बौद्धिक व्यक्तित्व का एक निर्णायक अध्याय राजस्थान में खुला। लगभग 1958 से 1965 के बीच का वह समय केवल विश्वविद्यालयी प्रशिक्षण का काल नहीं था; वह उनकी दृष्टि के निर्माण का युग था। राजस्थान उस समय भी अपने भीतर कई इतिहास समेटे हुए था। राजपूत अतीत की चमक, मुगल प्रभाव की जटिलताएँ, प्रजा मंडल आंदोलनों की लोकतांत्रिक बेचैनी और रियासतों से गणतंत्र की ओर बढ़ते समाज की धूल-भरी आकांक्षाएँ। इस भूमि ने उन्हें यह सिखाया कि इतिहास महलों में तो दर्ज होता है, पर उसका असली कंपन खेतों, कस्बों, सड़कों और स्मृतियों में मिलता है।

KN Panikkar Rajasthan University Historian Symbolic AI Image Prime Time Bharat
KN-Panikkar-Rajasthan-University-Historian-Symbolic-AI-Image-Prime-Time-Bharat

केरल से राजस्थान आए, तो यहीं के होकर रह गए

राजस्थान विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में बिताए गए वे वर्ष उनके लिए किसी तपश्चर्या से कम नहीं थे। लाइब्रेरी और आर्काइव्स में घंटों बिताना, दस्तावेजों की धूल में समय की धड़कन सुनना, औपनिवेशिक भारत के सामाजिक-आर्थिक आयामों को समझना और फिर उन सबको सामान्य जन के संघर्षों से जोड़ना। यही वह प्रक्रिया थी, जिसने उनके भीतर के इतिहासकार को आकार दिया। मालाबार विद्रोह पर उनका पहला शोध-प्रयास भी इसी शैक्षणिक अनुशासन की देन था। केरल की स्मृति और राजस्थान के बौद्धिक वातावरण का यह संयोग उनके व्यक्तित्व में एक दुर्लभ विस्तार लेकर आया। राजस्थान विश्वविद्यालय ने उन्हें केवल अकादमिक प्रशिक्षण ही नहीं दिया; उसने उन्हें मनुष्य और समाज को पढ़ने की भाषा दी। यहाँ का विविध छात्र समुदाय थे। राजस्थानी, गुजराती, हरियाणवी, पंजाबी और देश के कई अन्य राज्यों से। एक तरह से भारतीय समाज का लघु रूप था। जयपुर ने उन्हें निजी जीवन में भी बाँधा। यहीं उनकी मुलाकात उषा भार्गव से हुई, जो राजस्थान की थीं और उनकी सहपाठी बनीं। यह संबंध केवल विवाह का नहीं था; यह उनके जीवन को राजस्थान से स्थायी रूप से जोड़ देने वाला एक सांस्कृतिक और भावनात्मक सेतु था।

स्वतंत्र विचारों के प्रोत्साहक व मूल्यों के मसीहा

एक दक्षिण भारतीय प्रतिभा का राजस्थान में अपनी बौद्धिक और पारिवारिक जमीन पाना अपने-आप में भारतीयता के उस सुंदर विचार का उदाहरण है जिसमें प्रदेश सीमाएँ नहीं, परस्पर प्रकाश के स्रोत होते हैं। बाद में जब पणिक्कर जेएनयू पहुँचे तो वे केवल एक शिक्षक बनकर नहीं गए; वे राजस्थान विश्वविद्यालय की उस बौद्धिक परंपरा के प्रतिनिधि बनकर गए जिसमें सवाल पूछना, क्षेत्रीय इतिहास को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से जोड़ना और इतिहास को सत्ता के अभिलेखों से निकालकर समाज की चेतना में पढ़ना शामिल था। जेएनयू में उनका कद इसलिए असाधारण हुआ क्योंकि उनके भीतर पहले से एक ऐसा अनुशासन, ऐसा लोक-संबंध और ऐसा वैचारिक ताप मौजूद था, जिसे राजस्थान ने सँवारा था। वे भारतीय मार्क्सवादी इतिहास लेखन की महत्त्वपूर्ण आवाज़ बने; साम्प्रदायिकता, संस्कृति, औपनिवेशिक चेतना, किसान आंदोलनों और इतिहास की वैचारिकी पर उनके काम ने उन्हें देश ही नहीं, दुनिया के गंभीर अकादमिक जगत में सम्मान दिलाया। उनकी किताबों में जो व्यापकता दिखती है, धर्म और किसान विद्रोह के बीच संबंधों को समझने की क्षमता, संस्कृति और चेतना के तंतु पकड़ने की दृष्टि और इतिहास को केवल अतीत नहीं, वर्तमान की वैचारिक लड़ाइयों का मैदान मानने का साहस आदि उसके पीछे राजस्थान के वे वर्ष साफ़ झिलमिलाते हैं।

Rajasthan University Jaipur Areal View Prime Time Bharat scaled
Rajasthan-University-Jaipur-Areal-View-Prime-Time-Bharat

राजस्थान विश्वविद्यालय को भी भीतर झाँकना चाहिए

यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि राजस्थान ने उनके भीतर के इतिहासकार को केवल प्रशिक्षित नहीं किया, उसे ऐसा अखिल भारतीय बनाया, जो वैश्विक दृष्टि से जुड़ा और एक ज़हीन मार्क्सवादी बनकर उभरा। आज जब उनके जीवन और कार्य को याद किया जाता है, तब राजस्थान विश्वविद्यालय को भी अपने दर्पण में झाँकना चाहिए। किसी संस्थान का गौरव केवल उसकी इमारतों, रैंकिंगों या समारोहों से नहीं बनता; उसका सबसे उजला मानदंड वे लोग होते हैं, जिन्हें वह दुनिया के सामने भेजता है। केएन पणिक्कर ऐसे ही उजले नामों में हैं। वे इस बात की याद दिलाते हैं कि जयपुर का यह विश्वविद्यालय कभी ऐसा स्थल रहा है जहाँ से एक युवा शोधार्थी निकलकर विश्वस्तरीय इतिहासकार बन सकता था।

राजनीति और राजनेताओं को शर्म तक नहीं आती

राजस्थान विश्वविद्यालय ने सचमुच देश को एक बड़ा इतिहासकार दिया था। और यह स्मरण केवल श्रद्धांजलि नहीं, एक चुनौती भी है कि क्या आज के विश्वविद्यालय फिर वैसे ही हीरे गढ़ने का धैर्य, वैचारिक स्वतंत्रता और बौद्धिक ताप बचाए हुए हैं? पणिक्कर का नाम इसी प्रश्न की तरह देर तक हमारे भीतर गूँजता रहता है। लेकिन प्रदेश में आज कैसा वैचारिक दारिद्रय है कि किसी भी राजनेता ने ऐसे महान् इतिहासकार को याद नहीं किया। हमारे राजनेता और हमारे शिक्षाविद भी बहुत छोटे और अदने लोगों में फंसे रहते हैं। न पढ़ना, न बौद्धिक चर्चा करना और न ही मानवीय संवेदना और इतिहासबोध के शैक्षिक मूल्यों से सरोकार रखना। और यही वजह है कि हमारे शिक्षा के केंद्र भी वैचारिक रूप से बंजर होते जा रहे हैं। हमारे राजनीतिक समाज को पणिक्कर का याद न आना उनके बारे में और आज की राजनीति के इतिहास बोध के बारे में बहुत कुछ कहता है।

-त्रिभुवन (लेखक राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार हैं)
History Jaipur Keralam KN Panikkar Rajasthan University of Rajasthan
Share. WhatsApp Facebook Twitter Pinterest LinkedIn Telegram Email
Prime Time Bharat

Related Posts

Rajasthan Congress: …मतलब यह है कि राजस्थान कांग्रेस में खेल अभी बाकी है मेरे दोस्त!

April 23, 2026

Vasundhara Raje: फर्जी चिट्ठी, सियासत का सच और वसुंधरा राजे का नाम

April 22, 2026

Rajendra Singh Rathore: अपनी चमक बचाकर रखने में माहिर राजस्थान के राजेंद्र राठौड़

April 21, 2026

Leave A Reply Cancel Reply

टॉप ख़बरें

Rajasthan Congress: …मतलब यह है कि राजस्थान कांग्रेस में खेल अभी बाकी है मेरे दोस्त!

April 23, 2026

सिनेमा से गायब राजमहल और राजा-रानी

October 28, 2023

फिर जनम लेने जयपुर आ जाना इरफान!

October 28, 2023

पाप के पुरुषार्थ का रंगमंच बना सोशल मीडिया !

December 26, 2023
यह भी देखें
ग्लैमर
4 Mins Read

Asha Bhosle: दिल अभी भरा नहीं… मगर अलविदा कह गईं आशा भोसले

By Prime Time BharatApril 13, 2026

Asha Bhosle: भारतीय संगीत जगत की अमर आवाज़, आशा भोसले (Asha Bhosle) केवल एक गायिका…

Indus River Water: राजस्थान को मिलेगा सिंधु नदी का पानी, पाकिस्तान का कोई हक नहीं

June 22, 2025

Ahmedabad Air India Plane Crash: उड़ते- उड़ते आग का गोला बन गया विमान, करीब 250 लोगों की मौत

June 13, 2025

Navjot Singh Sidhu: जिंदगी से तो जीत गए सिद्धू, मगर सियासी सफलता में चूक कर गए!

January 19, 2024
हमें फॉलो करें
  • Facebook
  • Twitter
  • Pinterest
  • Instagram
  • YouTube
  • Vimeo
About Us
About Us

‘प्राइम टाइम’ की शुरुआत पर कोई बड़ी बात नहीं, मगर यह कहना जरूरी है कि इसके उद्भव के लिए हमें एक बड़ी मजबूरी में सोचना पड़ा। मजबूरी यही कि हमारे हिंदुस्तान में वास्तविक अर्थों में जैसी होनी चाहिए, वैसी पत्रकारिता का मार्ग तेजी से सिकुड़ रहा है।

Contact Us:-
Mobile:- +91-9821226894
Email:- contact@primetimebharat.com

Facebook X (Twitter) Pinterest YouTube WhatsApp
Pages
  • About us
  • Our Team
  • Contact Us
  • Cookies Policy
  • Disclaimer
  • Privacy Policy
  • Terms and Conditions
लेटेस्ट ख़बरें

Rajasthan Congress: …मतलब यह है कि राजस्थान कांग्रेस में खेल अभी बाकी है मेरे दोस्त!

April 23, 2026

Vasundhara Raje: फर्जी चिट्ठी, सियासत का सच और वसुंधरा राजे का नाम

April 22, 2026

Rajendra Singh Rathore: अपनी चमक बचाकर रखने में माहिर राजस्थान के राजेंद्र राठौड़

April 21, 2026
© 2026 Prime Time Bharat | All Rights Reserved |

Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.