Narendra Modi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) को राहुल गांधी के ‘गद्दार’ (Gaddar) कहने पर भारतीय राजनीति में एक नया विवाद छिड़ गया है। राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं, लेकिन लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना और गरिमामयी भाषा दोनों साथ-साथ चलनी चाहिए। मगर राहुल गांधी कई बार पद की गरिमा तो ताक में रखकर भी बोल जाते हैं। कांग्रेस (Congress) को अपने नेता की बदजुबानी पर आत्ममंथन की आवश्यकता है और इस चिंतन की भी कि राहुल गांधी कांग्रेस के सत्ता संघर्ष को आखिर किस राजनीतिक दिशा में ले जाना चाहते हैं। बीजेपी (BJP) ने इसे लोकतंत्र, जनादेश और संवैधानिक मर्यादाओं का अपमान बताया है, जबकि कांग्रेस इस बयान को राजनीतिक प्रतिरोध की भाषा बता रही है। राहुल गांधी बनाम नरेंद्र मोदी (Rahul Gandhi v/s Narendra Modi) विवाद बीते कुछ सालों में शर्मनाक शब्दावरली में समा चुका है और पीएम मोदी के खिलाफ राहुल गांधी विवादित और अमर्यादित टिप्पणियां कर चुके हैं, जिन पर राजनीतिक और कानूनी विवाद भी हुए हैं। पीएम मोदी को गद्दारबताने वाले राहुल के ताजा बयान ने एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग को और तीखा कर दिया है।
राहुल गांधी के बयान पर बढ़ता विवाद
राहुल गांधी ने अपने रायबरेली में कहा कि जब भी आरएसएस के लोग सामने आएं, तो उनसे कहा जाए कि ‘आपका प्रधानमंत्री गद्दार है, आपका गृह मंत्री गद्दार है।’ इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे हुए व्यक्ति हैं। ऐसे में उनके लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध माना जा रहा है। भारतीय राजनीति में तीखी आलोचना और वैचारिक विरोध कोई नई बात नहीं है, लेकिन गद्दार जैसे शब्द का प्रयोग बेहद गंभीर माना जाता है। यह केवल राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि राष्ट्र और संविधान के प्रति निष्ठा पर प्रश्नचिह्न लगाने जैसा समझा जाता है। इसी कारण राहुल गांधी का यह बयान विवाद का विषय बन गया। लेकतिन ताजा विवाद केवल एक बयान तक सीमित नहीं, बल्कि इससे राजनीतिक शिष्टाचार, लोकतांत्रिक गरिमा और नेताओं की जिम्मेदारी जैसे गंभीर प्रश्न भी सामने आए हैं।
राजनेताओं के आरोपों में संयम जरूरी
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को गद्दार कहने पर देश के दिग्गज पत्रकार प्रदीप सिंह का मानना है कि राहुल का बयान राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक गरिमा के विरुद्ध आचरण है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए ‘गद्दार’ जैसे शब्दों का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि विपक्ष का काम सरकार की आलोचना करना और सवाल उठाना है, लेकिन आरोपों की भाषा संयमित होनी चाहिए। परिहार कहते हैं कि यदि राजनीतिक दल एक – दूजे के लिए इस प्रकार के अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करेंगे, तो लोकतंत्र में स्वस्थ बहस की संस्कृति समाप्त हो जाएगी। वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह का कहना है कि राहुल गांधी की बयानबाजी कई बार भावनात्मक और असंतुलित दिखाई देती है, जिससे उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता प्रभावित होती है। नेता प्रतिपक्ष का पद केवल सरकार का विरोध करने के लिए नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक और जिम्मेदार नेतृत्व प्रस्तुत करने के लिए भी होता है। वरिष्ठ पत्रकार संदीरप सोनवलकर मानते हैं कि भारतीय राजनीति में भाषा का स्तर सभी दलों में गिरा है और केवल राहुल गांधी को निशाना बनाना उचित नहीं होगा। पिछले कुछ वर्षों में लगभग सभी प्रमुख दलों के नेताओं द्वारा तीखी और व्यक्तिगत टिप्पणियां देखने को मिली हैं। लेकिन मीडिया पर सरकार का कब्जा होने के कारण राहुल गांधी पर चर्चा ज्यादा हो जाती है।
राहुल गांधी का माफी मांगने से इंकार
विवाद बढ़ने के बावजूद राहुल गांधी अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि वे इस टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगेंगे। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नीरज डांगी कहना है कि राहुल गांधी ने सरकार की नीतियों और विचारधारा के विरोध में अपनी राजनीतिक राय रखी है और बीजेपी जानबूझकर इस मुद्दे को बड़ा बना रही है। वैसे भी, राहुल गांधी का यह रवैया उनके राजनीतिक व्यक्तित्व का हिस्सा माना जाता है। वे पहले भी कई विवादित बयानों के बाद माफी मांगने से इनकार करते रहे हैं। चाहे “चौकीदार चोर है” का नारा हो या प्रधानमंत्री के खिलाफ अन्य तीखी टिप्पणियां, राहुल गांधी अक्सर आक्रामक राजनीतिक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं। कांग्रेस सांसद डांगी का तर्क है कि लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का पूरा अधिकार है और बीजेपी हर आलोचना को राष्ट्र-विरोध से जोड़ देती है। इससे लोकतांत्रिक विमर्श का स्तर प्रभावित हो रहा है।
बीजेपी का राहुल के बयान पर पलटवार
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र और जनता के जनादेश का अपमान बताया। बीजेपी का कहना है कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना है और ऐसे में उन्हें गद्दार कहना सीधे-सीधे जनता के फैसले का अपमान है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि वे लगातार चुनावी हार से हताश होकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। गहलोत का यह भी कहना है कि नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से संयमित और जिम्मेदार भाषा की अपेक्षा की जाती है। बीजेपी ने राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग भी की है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार कहते हैं कि यदि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के लिए इस तरह की भाषा स्वीकार कर ली जाए, तो राजनीति में शिष्टाचार और लोकतांत्रिक संवाद की परंपरा समाप्त हो जाएगी। सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर तीखी बहस छिड़ी हुई है। बीजेपी नेता एडवोकेट वीरेंद्र सिंह चौहान ने राहुल गांधी के बयान की आलोचना करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया, जबकि कांग्रेस समर्थकों ने इसे राजनीतिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा।
कहीं शिकायत तो कहीं कानूनी मामले दर्ज
राहुल गांधी के बयान के बाद कई राज्यों में उनके खिलाफ शिकायतें और एफआईआर दर्ज होने की खबरें सामने आई हैं। कुछ विरोधकर्ताओं ने इसे देशद्रोह जैसी गंभीर भावना भड़काने वाला बयान बताया है, जबकि कुछ ने इसे जनभावनाओं को आहत करने वाला कहा है। हालांकि कानून विशेषज्ञ एडवोकेट एमडी माली का मानना है कि राजनीतिक भाषणों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दायरा व्यापक होता है, इसलिए अदालतें ऐसे मामलों में संतुलित दृष्टिकोण अपनाती हैं। राहुल गांधी पहले भी कई कानूनी विवादों का सामना कर चुके हैं। एडवोकेट माली कहते हं कि राहुल गांधी के बयानों को लेकर विभिन्न राज्यों में पहले भी मुकदमे दर्ज होते रहे हैं। इस बार भी कानूनी लड़ाई राजनीतिक बहस का हिस्सा बन चुकी है। हालांकि एडवोकेट एमडी माली का यह भी कहना है कि प्रधानमंत्री को गद्दार कहने का मामला आने वाले दिनों में राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है। वे कहते हैं कि अदालतों में सुनवाई और राजनीतिक मंचों पर बयानबाजी, दोनों साथ-साथ चलने की संभावना है।
राजनीति की बदलती संस्कृति का बयान
राहुल गांधी के बयान ने भारतीय राजनीति में भाषा और मर्यादा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पिछले कुछ वर्षों में राहिल गांधी द्वारा संघ परिवार और पीएम मोदी पर तीखी और व्यक्तिगत टिप्पणियां देखने को मिली हैं। लेकिन राहुल गांधी द्वारा गद्दार जैसे अपमानजनक व असंसदीय शब्द कहे जाने पर चर्चा देश भर में हो रही है। राजनीति के जानकार इसे राहुल गांधी की बचकानी हरकत बता रहे हैं। बीजेपी इसे लोकतंत्र और संवैधानिक गरिमा का अपमान बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिरोध का हिस्सा मान रही है। दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। यह विवाद केवल एक बयान का नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति की बदलती संस्कृति का भी प्रतीक है। राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत आरोप और अपमानजनक भाषा लोकतांत्रिक संवाद को कमजोर करते हैं। जनता अपने नेताओं से तीखी बहस के साथ-साथ शालीनता और जिम्मेदारी की भी अपेक्षा करती है।
– राकेश दुबे (वरिष्ठ पत्रकार)
कृपया इसे भी देखेंः Narendra Modi: राजनीतिक ताकत के आईने में कहां नरेंद्र मोदी और कहां राहुल गांधी!
इसे भी पढ़िएः राहुल गांधी पर आप मजाकिया क्यों हो जाते हैं मोदीजी?

