BJP: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई केंद्रीय कार्यकारिणी के गठन के बाद राजस्थान (Rajasthan) की राजनीति में नए समीकरणों और संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी ने अपनी राष्ट्रीय टीम में राजस्थान के कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर एक ओर प्रदेश को मजबूत प्रतिनिधित्व दिया है, वहीं दूसरी ओर यह संकेत भी दिया है कि पार्टी आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए व्यापक रणनीतिक बदलाव की तैयारी में है। नई केंद्रीय कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया (Dr. Satish Poonia) को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इसके अलावा सुनील बंसल, राजेश मंगल और मन्नालाल रावत को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह केवल संगठनात्मक विस्तार नहीं, बल्कि राजस्थान बीजेपी के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
राजस्थान बीजेपी को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व
बीजेपी की नई केंद्रीय कार्यकारिणी में राजस्थान को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व केवल सम्मान का विषय नहीं है, बल्कि इसे आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में राजस्थान के पांच नेताओं को प्रमुख स्थान मिलने से यह स्पष्ट है कि पार्टी राज्य को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रही है। वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया जैसे नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई भूमिका देकर बीजेपी नेतृत्व ने उनके अनुभव और संगठनात्मक योगदान को सम्मान दिया है। राजनातिक विश्लेषक निरंजन परिहार का मानना है कि इन नियुक्तियों के माध्यम से बीजेपी ने प्रदेश में लंबे समय से मौजूद विभिन्न राजनीतिक धड़ों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास भी किया है। इससे पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने में मदद मिल सकती ह
क्या राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी है?
बीजेपी की केंद्रीय कार्यकारिणी में हुए बदलावों के बाद सबसे बड़ा सवाल राजस्थान के राजनीतिक नेतृत्व को लेकर उठ रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर पार्टी की ओर से फिलहाल कोई संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जरूर है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सरकार और संगठन के प्रदर्शन का व्यापक मूल्यांकन किया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषक संजीव श्रीवास्तव का मानना है कि बीजेपी नेतृत्व यह आकलन कर सकता है कि वर्तमान नेतृत्व आगामी चुनावों में पार्टी को कितनी मजबूती प्रदान कर सकता है। हालांकि फिलहाल मुख्यमंत्री परिवर्तन को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं हैं, लेकिन बीजेपी की कार्यशैली को देखते हुए भविष्य में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मोदी-शाह की रणनीति में संगठन सबसे बड़ी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लंबे समय से संगठन आधारित राजनीति को प्राथमिकता देते रहे हैं। बीजेपी की चुनावी सफलता का बड़ा आधार मजबूत संगठनात्मक ढांचा माना जाता है। यही कारण है कि पार्टी अब 2029 के लोकसभा चुनाव और उससे पहले होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी दिखाई दे रही है। मोदी की पसंद नितिन नबीन को जिस दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान मिली, उसी दिन से तय था कि मोदी और शाह उनके लिए तेजतर्रा कार्यकारिणी का गठन करके उनको मजबूती देंगे। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार के अनुसार बीजेपी नेतृत्व अभी भी और उन कई सारे नेताओं को नई जिम्मेदारियां देने की रणनीति पर काम कर रहा है जो संगठन और सरकार दोनों को अधिक प्रभावी बना सकें। इसी दृष्टिकोण से विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक और राजनीतिक बदलावों की संभावना जताई जा रही है।
राजस्थान में सत्ता और संगठन दोनों में बदलाव संभव
राजस्थान बीजेपी में आने वाले महीनों में संगठनात्मक फेरबदल की संभावनाएं लगातार चर्चा में हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद से लेकर विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों तक बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। राजनीतिक विश्लेषक राजकुमार सिंह की राय में इसके अलावा केंद्र सरकार में राजस्थान से जुड़े कुछ नेताओं की जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन संभव माना जा रहा है। बीजेपी सूत्रों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नए, ऊर्जावान और प्रदर्शन आधारित नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर सकती है। ऐसे में कुछ पुराने चेहरे संगठन और सरकार से बाहर हो सकते हैं, जबकि नए नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। वरिष्ठ पत्रकार अरविंद चोटिया कहते हैं कि वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियां देकर बीजेपी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह राजस्थान में संगठन और नेतृत्व दोनों को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

राजे और पूनिया की नई भूमिका का राजनीतिक महत्व
वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को बीजेपी नेतृत्व द्वारा उनके राजनीतिक अनुभव और जनाधार की स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है। वहीं सतीश पूनिया को महासचिव बनाकर पार्टी ने यह संकेत दिया है कि उनके संगठनात्मक अनुभव का उपयोग अब राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। राजनीति के जनकार वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन का मानना है कि इन दोनों नेताओं की नई भूमिकाएं राजस्थान बीजेपी में भविष्य के नेतृत्व संतुलन को प्रभावित कर सकती हैं। इससे प्रदेश में नए नेतृत्व को उभरने का अवसर भी मिल सकता है। राजतस्थान की राजनीति में हालांकि डॉ पूनिया और राजे दोनों एक दूसरे के कोई बहुत हितचिंतक नहीं माने जाते, लेकिन डॉ पूनिया के बेटे महीप पूनिया के विवाह समारोह में वसुंधरा राजे की उपस्थिति ने कई दिमागों के जाले साफ कर दिए थे। अब नई दिल्ली में वे दोनों ही केंद्रीय नेता हैं, और राजस्थान के किसी भी बदलाव उनकी सलाह भी अहम होगी। इसलिए, आने वाले महीनों में यदि सरकार, संगठन और केंद्रीय नेतृत्व स्तर पर बदलाव देखने को मिलते हैं तो यह बीजेपी की दीर्घकालिक चुनावी रणनीति का हिस्सा होगा। ऐसे में राजस्थान की राजनीति में नए समीकरण और नई राजनीतिक संभावनाएं उभरना तय माना जा रहा है।
– राकेश दुबे (वरिष्ठ पत्रकार)
इसे भी देखेंः BJP: बाहर बहुत कुछ बदल गया, अब बीजेपी भी बहुत कुछ बदलने वाली है!
इसे भी पढ़िएः Haryana: पूनिया ने प्रहार वहीं किया जहां कांग्रेस ज्यादा कमजोर थी, जीता नेतृत्व का विश्वास

