Independence Day: देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराया, इसके साथ ही स्वाधीनता दिवस (Independence Day) पर लगातार 13वीं बार ध्वजारोहण करने वाले दूसरे प्रधानमंत्री (Prime Minister) का रिकॉर्ड भी नरेंद्र मोदी के नाम दर्ज हो गया। भारत के संसदीय इतिहास में जवाहरलाल नेहरू के बाद पीएम मोदी यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। पीएम मोदी 80वें स्वाधीनता दिवस राजस्थानी बांधनी का चुनरिया साफा पहनकर पर लाल किले पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र को संबोधित करने पहुंचे थे। हर बार स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का पहनावा, खास तौर पर उनका साफा सुर्खियों में रहता है। इस बार उन्होंने पीले, हरे और सफेद बांधनी पैटर्न वाला चमकीले गहरे लाल रंग का राजस्थानी साफा पहना। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में आज पहली बार वंदे मातरम् भी गाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए लाल किले से पहले प्रधानमंत्री मोदी राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया एवं देश के स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।
अब हम रुक नहीं सकते, हमारी गति भी नहीं रुकेगी
लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – ‘मेरे प्यारे देशवासियों, कोई भी राष्ट्र तब महान बनता है, जब अपनी सिद्धियों को प्राप्त करता है। जब अपने सपनों, अपने संकल्पों और अपने सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ता है। बड़े सपने हमारी सोच को भी विस्तार देते हैं। मैने जो भूमिका रखी है, उसके पीछे 2047 का लक्ष्य, मजबूत नींव पर खड़ा है। सन 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य, मजबूत नींव पर खड़ा है। पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने जो सामर्थ्य दिखाया है, 2047 विकसित भारत का लक्ष्य, उसी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सदी का एक-चौथाई हिस्सा बीत गया और अगला एक-चौथाई बहुत महत्वपूर्ण है। अब हम रुक नहीं सकते हैं, हमारी गति नहीं रुक सकती है। हमारी दिशा तय है। हमें लक्ष्य को प्राप्त करके रहना है। इसके लिए हमें अपने वर्क कल्चर को बदलते हुए सोच को भी बदलना होगा। हमें हमारे काम की गति को भी बदलना होगा। जो काम पिछले 5-7 दशक में नहीं हुए हैं, वो आगामी 5-7 साल में करने हैं।

ग्लोबल लीडरशिप भारत के हाथ में होनी चाहिए
पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि अब छोटे सपनों से चलने वाला नहीं है। पिछले 1 दशक में ऐसा लग रहा है कि लोगों ने ग्लोबलाइजेशन बोलना ही बंद कर दिया। लेकिन, फॉर्च्यून 500 की चर्चा तो हम बहुत सुनते रहे हैं, लेकिन आने वाले दस सालों में इन फॉर्च्यून 500 में 50 कंपनियां भारत की हों, ये लक्ष्य भी हमारा होना चाहिए। अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई स्किल्स और इसकी ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था की शुरुआत करने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि ग्लोबल लीडरशिप अब हमारे हाथ में होना चाहिए। भारत का भी एक बैंक दुनिया के टॉप 5 बैंकों में और दुनिया की 5 बड़ी फार्मा कंपनियों में भारत की भी 1-2 फार्मा कंपनियों का नाम होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे हमारे ब्रांड हमारी पहचान हो और विश्व के लिए एक डेस्टिनेशन बन जाए, हमें इसके लिए काम करना होगा।
दिमागी नक्सलियों से सावधान रहने की जरूरत
पीएम मोदी ने कहा कि हमने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया था। आज नक्सल क्षेत्र में नक्सल मुक्त होने के कारण विकास का तिरंगा लहरा रहा है। हमें सावधान रहने की जरूरत है। हथियारबंद नक्सल तो गए, लेकिन दिमागी नक्सल मौके की तलाश में हैं। इन दिमागी नक्सलों को पहचानना होगा। उन्होंने कहा कि मेरा भरोसा है, मेरी देश की युवा शक्ति, देश के नौजवानों, माताओं बहनों, किसानों, मजदूरों पर मुझे भरोसा है कि हम विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। उन्होंने देश के सभी राजनीतिक दलों से महिला सम्मान के मामले में महिला आरक्षण लागू करने की कोशिश से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा, खादी एवं ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब 5 गुना हुआ, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग करीब 7 गुना बढ़ा, आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ा, मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ा, इतना ही नहीं आधुनिक युग को लेकर भी डिजिटल और इनोवेशन की दुनिया में भी हमने अपना परचम लहराया।
शाह और राजनाथ की देश को शुभकामना
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मां भारती की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी वीर सेनानियों को कोटि-कोटि नमन करता हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देशवासियों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उधर, स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वदेशी 105एमएम लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी गई। समारोह में 8 गनों ने महज 52 सेकंड में 21 गोले दागे। इन तोपों का इस्तेमाल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों के खिलाफ की गई कार्रवाई में भी किया गया था। इस बार समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 साल की विरासत और देश की युवा शक्ति पर खास फोकस रहा।
-
आकांक्षा कुमारी
इसे भी देखेंः Gold Import Duty: पीएम मोदी की अपील के तत्काल बाद इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ी, गोल्ड और महंगा
यह भी पढ़िएः Narendra Modi: राजनीतिक ताकत के आईने में कहां नरेंद्र मोदी और कहां राहुल गांधी!

